पिकप खाई में गिरने से पांच लोग घायल
सल्ट/अल्मोड़ा (उद संवाददाता)। सल्ट थाना क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां यात्रियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में वाहन सवार 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख- पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। घायलों में से चार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, हादसा डोटियाल से लगभग एक किलोमीटर आगे हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन यात्रियों को लेकर जा रहा था, तभी सामने से आ रही एक बस को रास्ता देने के प्रयास में चालक साकम सिंह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सीधे खाई में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि बस से सीधी भिड़ंत होती तो जनहानि और भी अधिक हो सकती थी। हादसे के बाद वाहन खाई में पलट गया और कुछ यात्री गाड़ी के नीचे ही दब गए थे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल खाई में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान चालक साकम सिंह (35 वर्ष) निवासी सराईखेत, राजेंद्र सिंह (36 वर्ष) निवासी केलाखेड़ा (ऊधमसिंह नगर), सुभाष (19 वर्ष) निवासी नेपाल, चंद्रसेन सैनी (41 वर्ष) निवासी बिजनौर और विजेंद्र सिंह (36 वर्ष) निवासी बिजनौर के रूप में हुई है। सभी घायलों को तत्काल देवायल सल्ट अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है। घायलों और स्थानीय निवासियों ने डोटियाल के पास सड़क की बदहाल स्थिति पर गहरा रोष व्यक्त किया है। बताया गया कि संबंधित मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क संकरी होने और जगह-जगह गîक्के होने के कारण यहाँ आए दिन वाहन अनियंत्रित होते रहते हैं। शुक्रवार को हुआ यह हादसा भी सड़क की खराब हालत और बस को पास देने के दौरान किनारा धंसने की वजह से पेश आया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
