बारात से लौट रहा बोलेरो वाहन खाई में गिरने से पांच की मौत,पांच घायल
शादी की खुशियां मातम में बदली, सीएम धामी ने घटना पर जताया शोक
लोहाघाट । जिले के लोहाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग में बाघधार के पास शुक्रवार तड़के करीब 2ः30 बजे एक भयानक सड़क हादसा हुआ। पिथौरागढ़ जिले के शेराघाट से चंपावत लौट रही बारात का बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार बारात पिथौरागढ़ के शेराघाट से बालातड़ी गांव में विवाह समारोह संपन्न कर लौट रही थी। लौटते समय वाहन अनियंत्रित हो गया और खाई में जा गिरा। घटना के समय वाहन चालक के नशे में होने की संभावना बताई जा रही है। थानाध्यक्ष लोहाघाट अशोक कुमार ने बताया कि मृतकों में भावना चौबे और उनका छह वर्षीय बेटा प्रियांशु, प्रकाश चंद्र उनियाल (40) बिलासपुर, केवल चंद्र उनियाल (35) बिलासपुर और सुरेश नौटियाल (32) पंतनगर शामिल हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए धीरज पुत्र प्रकाश चंद्र (रुद्रपुर), राजेश (14) पुत्र उमेश चंद्र जोशी (लाखतोली), चेतन चौबे (5 वर्ष, दिल्ली), भास्कर पांडा (वाहन चालक, किलोटा) और देवदत्त (38) पुत्र रामदत्त (सल्ला भाटकोट, शेराघाट) का उपचार चल रहा है। गंभीर रूप से घायल वाहन चालक भास्कर पांडा को चंपावत जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। रेस्क्यू अभियान में लोहाघाट थाना पुलिस, फायर कर्मियों और एसडीआरएफ जवानों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों, होटल स्वामी मदन सामंत और शिक्षक मनोज पंत ने भी सहयोग किया। रेस्क्यू टीम ने सुबह के समय सभी मृतकों के शवों को खाई से निकाल लिया। हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। इस भीषण सड़क दुर्घटना से बारात की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतकों में सुरेश चौबे ने अपनी पत्नी और बेटे को खो दिया है, जबकि उनका दूसरा बेटा चेतन घायल हुआ है। अस्पताल में मासूम बार-बार अपनी मां को पुकार रहा है। स्थानीय प्रशासन ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है । घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।मुख्यमंत्री जी ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस अत्यंत दुःखद घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री जी ने दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उनके उपचार एवं आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए हैं।
