February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

झोपड़ी में लगी आग,सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप

हल्द्वानी(उद संवाददाता)। लालडांट क्षेत्र स्थित साकेत कॉलोनी में बीती देर रात एक झोपड़ी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। झोपड़ी में रखे गैस सिलेंडर में धमाका होने से आग ने विकराल रूप ले लिया और धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। गनीमत रही कि घटना के समय झोपड़ी में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, झोपड़ी में बटाई पर रहने वाला परिवार दीपावली मनाने अपने पैतृक गांव गया हुआ था। इसी बीच देर रात अचानक झोपड़ी में आग भड़क उठी। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और मुखानी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक झोपड़ी में रखा सारा घरेलू सामान बिस्तर, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो चुकी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झोपड़ी में आग लगने के बाद गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाके से आसपास के लोग दहशत में आ गए और इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आग के कारणों की जांच की। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दीपावली की आतिशबाजी के दौरान छोड़ा गया एक रॉकेट झोपड़ी की छत पर गिर गया, जिससे आग लग गई और देखते ही देखते उसने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। मुखानी थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश जोशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रॉकेट के कारण आग लगना ही सामने आया है। रॉकेट झोपड़ी की छत पर गिरने से अंदर रखा सिलेंडर फट गया, जिससे झोपड़ी पूरी तरह राख हो गई। सौभाग्य से घटना के समय परिवार अपने पैतृक गांव में था, अन्यथा जनहानि भी हो सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *