February 22, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास योजनाओं के लिए 257 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विकास को गति देते हुए विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़क सुधारीकरण, स्थानीय निकायों के विकास कार्यों, जल उपचार संयंत्रों की स्थापना और ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स के लिए कुल 257 करोड़ रुपये की भारी-भरकम वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद की जागेश्वर विधानसभा के तहत मोरनौला जैती मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए 4.26 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। नैनीताल जनपद की भीमताल विधानसभा में राष्ट्रीय राजमार्ग-87 पर काठगोदाम बाईपास मोटर रोड के निर्माण हेतु 4.70 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त पौड़ी गढ़वाल के कोट विकासखण्ड में व्यासघाट से ग्राम सिल्सू मोटर मार्ग के पुननिर्माण हेतु 3.86 करोड़ और मसूरी विधानसभा के अंतर्गत देहरादून-किमाड़ी-कार्ट मेकेन्जी मोटर मार्ग को इंटरमीडिएट लेन में बदलने तथा सुरक्षा दीवारों के निर्माण के लिए 14.55 करोड़ रुपये अनुमोदित किए गए हैं।शहरी विकास के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों पर शहरी निकायों को 58.37 करोड़ रुपये की द्वितीय किश्त जारी की है। इसके साथ ही हल्द्वानी-काठगोदाम, गौचर, महुवाखेड़ागंज, चमियाला, किच्छा, नन्दप्रयाग, नरेन्द्रनगर और तपोवन जैसे 8 नगर निकायों में ‘देवभूमि रजत जयंती पार्क’ के निर्माण के लिए 5.65 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। पंचम राज्य वित्त आयोग के तहत जिला पंचायतों को 79.09 करोड़ और शहरी स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों के लिए 81.57 करोड़ रुपये की धनराशि को भी मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखा दी है।पेयजल और परिवहन सुविधाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कड़े कदम उठाए हैं। पौड़ी गढ़वाल के चिनवाड़ी डांडा में 1.53 एमएलडी क्षमता के जल उपचार संयंत्र के लिए 3.72 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जबकि कोटद्वार में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक निर्माण के लिए शुरुआती किश्त के रूप में 79.68 लाख रुपये अवमुक्त करने का अनुमोदन किया गया है। साथ ही लघु सिंचाई विभाग के लिए भी 39.04 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए हल्द्वानी निवासी स्व. सुरेन्द्र मोहन वर्मा की पत्नी प्रेमलता वर्मा को 20 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने का भी अनुमोदन किया। आगामी कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने दूरगामी सोच दिखाते हुए विभिन्न विभागों के 40 कार्यों के लिए 90.36 करोड़ रुपये की बड़ी राशि स्वीकृत की है। आपदा प्रभावितों की सहायता करते हुए उन्होंने अल्मोड़ा में क्षतिग्रस्त भवन के लिए 3 लाख और मृतक के आश्रित को 1 लाख रुपये देने की मंजूरी दी है। युवाओं और दिव्यांगों के भविष्य को संवारने के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना हेतु 3.47 करोड़ और दिव्यांग छात्रों को सिविल सेवा परीक्षा की निशुल्क कोचिंग के लिए 19.75 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *