किच्छा में ड्रोन की मदद से सरकारी भूमि पर किये अतिक्रमण चिन्हित
किच्छा। जिला विकास प्राधिकरण अधिकारियों व एस एसपी की मौजूदगी में आज अधिकारियों ने ग्राम सिरोली में सरकारी भूमि पर किये गये अतिक्रमण के खिलाफ अपना अभियान जारी रखते हुए ड्रोन की मदद से क्षेत्र के नक्शे का अवलोकन किया और किये गये अतिक्रमण को चिन्हित किया। जिला विकास प्राधिकरण के वीसी जयकिशन, एडीएम पंकज उपाध्याय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्र व एसडीएम गौरव पाण्डे आज दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने क्षेत्र में ड्रोन उड़ाकर क्षेत्र के नक्शे का अवलोकन किया। इस दौरान अधिकारियों ने सरकार भूमि पर किये गये अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए अतिक्रमणकारियों को तत्काल भूमि खाली करने को कहा। अभियान के दौरान सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई एक मस्जिद के लोगों को बुलावा भेजा गया। जब काफी देर तक कोई नहीं आया तों टीम ने मस्जिद को सील कर दिया साथ ही मस्जिद में लगे अवैध विद्युत कनैक्शन को गंभीरता से लेते हुए विद्युत अधिकारियों को रपट दर्ज करने के निर्देश दिये। अिर्भयान के दौरान क्षेत्रवासियों में हड़कम्प मचा रहा। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। नोटिस देने के बाद भी यदि भूमि को खाली नहीं किया गया तो प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जायेगी। इस दौरान किच्छा व पुलभट्टा थाने की पुलिस टीम के साथ ही भारी संख्या में विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
