Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रूद्रपुर में काली पट्टी बांधकर ईद की नमाज

नगर निगम की कार्रवाई का जताया विरोध,सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। नगर में ईद-उल-फितर का पर्व इस बार एक अलग रंग में नजर आया। जहाँ एक ओर अकीदतमंदों ने मस्जिदों में नमाज अदा कर देश की खुशहाली की दुआ मांगी, वहीं दूसरी ओर खेड़ा स्थित मुख्य ईदगाह पर हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हाथों पर काली पट्टðी बांधकर और काले झंडे लगाकर नगर निगम प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इसे काला दिवस के रूप में मनाते हुए समाज ने प्रशासन के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। विरोध का मुख्य कारण ईदगाह से सटी आठ एकड़ सरकारी भूमि का नगर निगम द्वारा अधिग्रहण करना है। दरअसल, रूद्रपुर की खेड़ा ईदगाह में प्रतिवर्ष 20 से 25 हजार लोग नमाज के लिए जुटते थे, जो ईदगाह की ढाई एकड़ जमीन के साथ-साथ पास की आठ एकड़ सरकारी भूमि का भी इस्तेमाल करते थे। हाल ही में उच्च न्यायालय के आदेश पर नगर निगम ने इस आठ एकड़ भूमि को अधिग्रहित कर उसकी घेराबंदी कर दी। मुस्लिम समुदाय ने इस बार भी नमाज के लिए इस भूमि के उपयोग की अनुमति मांगी थी, जिसे प्रशासन ने अस्वीकार कर दिया। जगह की कमी के कारण इस वर्ष समुदाय के लोगों को शहर की अलग- अलग मस्जिदों में नमाज अदा करनी पड़ी, जिससे समाज में भारी रोष देखा गया। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील स्थिति को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर रैपिड एक्शन फोर्स और भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा की कमान एसपी सिटी डॉ- उत्तम सिंह नेगी और सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने संभाली। उनके साथ सीओ सितारगंज भूपेंद्र सिंह, कोतवाल मनोज रतूड़ी, एसएसआई केसी आर्या और एसएसआई अनिल जोशी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी मौके पर डटे रहे। विरोध के बावजूद नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *