भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम का पुतला फूंका
लालकुआं (उद संवाददाता)। अंकिता हत्याकांड मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन के साथ नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। रोषित कांग्रेसजनों का कहना था कि अंकिता हत्याकांड में भाजपा के बड़े चेहरों का नाम सामने आना एक बेहद गंभीर और विचलित करने वाला विषय है, जो यह साबित करता है कि सत्ता के रसूखदार लोग इस जघन्य अपराध में शामिल दोषियों को बचाने के लिए ढाल बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शुरू से ही अपने प्रभावशाली नेताओं को संरक्षण दे रही है, जो कि हमारी न्याय व्यवस्था पर एक सीधा प्रहार है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि दुष्यंत गौतम की तत्काल गिरफ्तारी हो और मामले की निष्पक्षता के साथ सीबीआई जांच कराई जाए ताकि वे चेहरे बेनकाब हो सकें जिन्हें अब तक व्यवस्था की परछाइयों में छिपा कर रखा गया है। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस्तीफे की मांग करते हुए चेतावनी दी कि जब तक अंकिता को इंसाफ नहीं मिलता और दोषियों को बचाने वालों को सजा नहीं मिलती, कांग्रेस का यह संघर्ष थमेगा नहीं। प्रदर्शन करने व पुतला फूंकने वालों में हेमवती नन्दन दुर्गापाल, पुष्कर दानू, हेमन्त पांडे, कमल दानू, मोहन कुड़ाई, रविशंकर तिवारी, कमलेश यादव, प्रदीप पर्थाल, शाहिद अहमद और गोविन्द दानू सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
