पुरानी रंजिश में बदमाशों ने युवक के पेट में मारी गोली, हालत नाजुक
रूद्रपुर । कोतवाली क्षेत्र के रामपुर रोड स्थित लोक विहार कॉलोनी के पास पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक पर पिस्तौल से कई राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली युवक के पेट में जा लगी। घायल युवक को गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया है।प्रीत विहार कॉलोनी फाजलपुर महरौला निवासी जितेन्द्र पुत्र नरेन्द्र पाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार शाम लगभग 7ः30 बजे उनका भाई रवि दिवाकर अपने मित्र संजू के चाय के खोखे पर बैठा था। इसी दौरान दिबदिबा बिलासपुर निवासी सन्नीया, प्रवीण सिंह सोडी, प्रथम सोडी, अक्षय, प्रीत विहार निवासी सोनू जुड़ी और रम्पुरा निवासी आशीष श्रीवास्तव व उसका छोटा भाई अंकित श्रीवास्तव वहां पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सन्नीया द्वारा चलाई गई गोली सीधे रवि के पेट में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर गया।इतना ही नहीं, हमलावरों ने घायल रवि पर धारदार हथियारों, लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर उसके हाथ-पैर भी तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रवि को मृत समझकर मौके से फरार हो गए। शोर मचने पर रवि के दोस्त संजू और विचित्र उसे कार से रम्पुरा चौकी ले गए, जहां से पुलिस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया है। पीड़ित के भाई ने बताया कि रवि को पिछले कुछ दिनों से मोबाइल पर जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, जिसकी सूचना पूर्व में रम्पुरा चौकी को भी दी गई थी। घटना के दौरान रवि का मोबाइल और सोने की चौन भी गायब हो गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
