अल्मोड़ा-ताकुला मोटर मार्ग पर ट्रक और पैराफिट के बीच दबकर चालक की मौत
पहिए के नीचे पत्थर लगाते समय अचानक पीछे खिसका भारी लोडेड ट्रक
अल्मोड़ा (उद संवाददाता)। अल्मोड़ा-ताकुला मोटर मार्ग पर बिनसर क्षेत्र के अयारपानी के पास देर रात एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक अल्मोड़ा से ताकुला की ओर जा रहा था, तभी अयारपानी के पास वाहन अचानक फिसलने लगा। ट्रक को पीछे खिसकने से रोकने और उसे नियंत्रित करने के लिए चालक भूपेंद्र सिंह नीचे उतरा और पहिए के आगे पत्थर लगाने लगा। इसी दौरान लोहे से लदा भारी ट्रक अचानक तेजी से नीचे की ओर खिसक गया और चालक ट्रक व सड़क किनारे बने पैराफिट के बीच बुरी तरह फंस गया।घटनास्थल से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने शोर मचाया और चालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन ट्रक के अत्यधिक वजन के कारण उसे हिला पाना संभव नहीं हो सका। सूचना मिलने पर जिला आपदा प्रबंधन विभाग और पुलिस की रेस्क्यू टीम रात करीब 1ः35 बजे मौके पर पहुंची। मुख्य आरक्षी नवीन कुँवर के नेतृत्व में टीम ने अत्याधुनिक एयर लिफ्टिंग बैग और रेस्क्यू उपकरणों की मदद से भारी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब तक उसे बाहर निकाला गया, उसकी मौत हो चुकी थी।मृतक की पहचान 42 वर्षीय भूपेंद्र सिंह पुत्र चंद्र मान, निवासी भिवानी (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस कठिन रेस्क्यू अभियान में मुख्य आरक्षी नवीन कुँवर, हरीश चंद्र सिंह, आशीष रावत, कांस्टेबल रविंद्र चंद्र, जगमोहन, प्रदीप, दीपचंद और जगदीश शामिल रहे। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है
