हल्द्वानी कोर्ट की सुरक्षा पर जिला जज, डीएम और एसएसपी ने परखी व्यवस्थाएं
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। न्यायालयों को मिल रही धमकी के दृष्टिगत हल्द्वानी न्यायालय परिसर में माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रशांत जोशी, जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल और एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। इस उच्च स्तरीय निरीक्षण के दौरान अपर जिला जज सुजीत कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश, एडीएम विवेक राय और एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने न्यायालय परिसर की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन सुरक्षा ऑडिट कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के उपरांत हुई बैठक में न्यायालय परिसर की समग्र सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक मैनपावर और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सुरक्षा चक्र को अभेद्य बनाने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से एक विशेष सुरक्षा ऑडिट टीम गठित करने का निर्णय लिया गया है। एसपी सिटी हल्द्वानी की अध्यक्षता में गठित इस टीम में न्यायालय परिसर के नामित प्राधिकारी, अभिसूचना इकाई (एलआईयू) के अधिकारी, स्थानीय थाना पुलिस और पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक शामिल रहेंगे। यह विशेष टीम आपसी तालमेल स्थापित करते हुए न्यायालय की सुरक्षा को व्यवस्थित रखने के लिए नियमित समीक्षा करेगी और अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित करेगी। इसी परिप्रेक्ष्य में एसएसपी नैनीताल ने जनपद की समस्त पुलिस फोर्स को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को उच्च सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और संदिग्धों पर पैनी नजर रखने के आदेश दिए हैं।
