Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

धामी ने नैनीताल में मॉर्निंग वॉक के दौरान जीता लोगों का दिल: नैना देवी मंदिर सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल में मॉर्निंग वॉक के दौरान आम नागरिकों, पर्यटकों एवं स्कूली बच्चों से मुलाकात की और सबके साथ आत्मीय वार्ता की उनके सहज और सरल व्यवहार ने लोगों का एक बार फिर दिल जीत लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय चाय विक्रेता भरत की दुकान पर चाय का स्वाद भी लिया।मुख्यमंत्री ने मानस खंड मिशन के अंतर्गत नैना देवी मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। बताया कि मंदिर को और अधिक भव्य व आकर्षक स्वरूप देने हेतु 11 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसके तहत कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मिशन के अन्य विकास कार्यों डीएस मैदान के सुधार, वलिया नाला, एवं ठंडी सड़क पर भूस्खलन सुरक्षा कार्यों की भी जानकारी अधिकारियों से ली और संबंधित विभागों को इन सभी कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। नैनीताल की शांत वादियों में प्रातःकाल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का साधारण नागरिकों के बीच पहुंचना एक बार फिर उनके सहज, जनसरोकारों और जमीन से जुड़े नेता की छवि को प्रदर्शित करता है। सुबह की स्वच्छ हवा में टहलते हुए मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों, दुकानदारों, युवाओं और पर्यटकों से आत्मीय संवाद किया। बिना किसी औपचारिकता के जनता की बातें सुनना, समस्याओं को समझना और मौके पर ही अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश देना यही शैली उन्हें जनता के बीच जनता का असली मुख्यमंत्री बनाती है। लोगों के चेहरों पर संतोष और उत्साह साफ झलक रहा था। नागरिकों ने प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों, सड़क सुविधाओं, पर्यटन सुधार, सफाई व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की। यह जनभावना इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखण्ड सरकार की योजनाएं अब जमीन पर असर दिखा रही हैं और जनता स्वयं इस परिवर्तन को महसूस कर रही है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विकास तभी सार्थक है जब उसमें जनता की भागीदारी हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का हर निर्णय जनअपेक्षाओं और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप लिया जा रहा है। जनभागीदारी और पारदर्शिता पर आधारित यह ‘धामी मॉडल’ शासन को नए मानक दे रहा है, जिसमें जनता की राय और अनुभवों को सबसे ऊपर महत्व दिया जाता है। मुख्यमंत्री धामी का यह प्रातःकालीन जनसंवाद और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण इस बात का प्रमाण है कि वे प्रशासनिक सक्रियता के साथ-साथ सीधे जनता से जुड़कर शासन को अधिक प्रभावी और संवेदनशील बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी-सी- और अन्य लोग मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *