February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

धामी सरकार ने रुद्रपुर को फिर दी ‘बड़ी सौगात’ : रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के लिए 300 बेड के हॉस्पिटल और 100 एमबीबीएस सीटों को मिली सरकार से मंजूरी

शहर में शीघ्र ही खुलेंगे उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा के नए दरवाजे
देहरादून/ रुद्रपुर। राज्य की पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने तराई की सबसे प्रमुख औद्योगिक नगरी रुद्रपुर को फिर से एक बड़ी सौगात दी है । उल्लेखनीय है कि सूबे के मुख्यमंत्री उत्तराखंड में एक जनपद एक मेडिकल कॉलेज मिशन पर बड़ी तेजी से काम कर रहे हैं। इसी क्रम में धामी सरकार ने पंडित राम सुमेर शुक्ला राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर को 300 बेड के हॉस्पिटल और 100 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी दे दी है। सीएम धामी का मानना है कि राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और रोजगार-तीनों क्षेत्रें में उत्तराखंड को एक मजबूत आधार प्रदान करेगा और प्रदेश के समग्र विकास में निर्णायक भूमिका निभाएगा। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का 300 बेड चिकित्सालय के शुरू होने से तराई क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार तो होगा ही साथ ही मरीजों को जांच, उपचार और देखभाल की बेहतर सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी, जिससे इलाज की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा जनता को भरोसेमंद और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं मिल पायेंगी। इस मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से तराई-भाबर क्षेत्र के साथ-साथ सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रें के लाखों लोगों को सुलभ, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। ये संस्थान न केवल बेहतर उपचार सुविधाओं का केंद्र बनेगा, बल्कि चिकित्सा शिक्षा, जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों, आपदा प्रबंधन और रोजगार सृजन के क्षेत्र में भी कारगर साबित होगा । राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर में 24×7 आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध होने से दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों और जटिल मामलों में तत्काल उपचार संभव हो पाएगा। मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्थायी उपलब्धता से मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों या अन्य राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे न सिर्फ समय और धन की बचत होगी, बल्कि मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी। तराई का अहम औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के संचालन का सीधा लाभ सिडकुल क्षेत्र में काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारियों को मिलेगा और शहर की औद्योगिक इकाइयों में कार्य करने वाले श्रमिकों और कर्मचारियों को अब दुर्घटना, गंभीर बीमारी या फिर आपातकालीन स्थिति में इलाज के लिए दूसरे शहर नहीं जाना पड़ेगा।इसके अतिरिक्त राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर के संचालन से पर्वतीय क्षेत्रें से सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी पर निर्भरता कम होकर बढ़ते मरीजों के दबाव में भी कमी आएगी तथा टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, संक्रामक रोग नियंत्रण जैसे प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से लागू करने में भी अच्छी खासी मदद मिलेगी। मेडिकल कॉलेज में प्रतिवर्ष 100 एमबीबीएस सीटों की उपलब्धता के चलते उत्तराखंड सहित देश भर के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे। यह मेडिकल कॉलेज राज्य को चिकित्सा शिक्षा के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम भूमिका तो निभाएगा ही निभाएगा साथ ही इससे चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र में पलायन की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *