Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कांवड़ मार्गों से मांस-मछली की दुकानें हटाने की मांग

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। महाशिवरात्रि के पावन पर्व को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने शिवभक्त कांवड़ियों की आस्था और सुरक्षा के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है। बुधवार को विहिप के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर विकास शर्मा को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपकर कांवड़ यात्र के मार्गों पर मांस, मछली और अंडे की दुकानों को पूर्णतः बंद कराने तथा मार्गों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने का आग्रह किया। विहिप के प्रखंड मंत्री सुदेव दास गुप्ता ने महापौर को अवगत कराया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर हजारों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर रुद्रपुर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हैं। कांवड़ की पवित्रता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, लेकिन मुख्य मार्गों पर जगह-जगह मांस और मछली की दुकानें खुली रहने से कांवड़ खंडित होने की प्रबल आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में कई बार अनावश्यक विवाद और शांति भंग होने का खतरा भी उत्पन्न हो जाता है, जिससे बचने के लिए प्रशासन को समय रहते उचित कदम उठाने चाहिए। ज्ञापन में विशेष रूप से 13 फरवरी से 16 फरवरी तक कांवड़ मार्गों पर स्थित मांस-मछली की दुकानों को बंद रखने के आदेश पारित करने की मांग की गई है। साथ ही, ऊधम सिंह नगर जनपद के सभी मुख्य मार्गों पर शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए समुचित पुलिस बल तैनात करने और रास्तों पर जमा गंदगी को साफ करने का भी निवेदन किया गया है। विहिप कार्यकर्ताओं ने जोर देते हुए कहा कि आस्था के इस महापर्व पर किसी भी प्रकार की अराजक स्थिति उत्पन्न न हो, यह सुनिश्चित करना नगर निगम और प्रशासन की जिम्मेदारी है। महापौर विकास शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जनभावनाओं और पर्व की पवित्रता का पूरा सम्मान किया जाएगा और इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *