घर में फांसी पर लटका मिला महिला का शव,परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। चौकी रम्पुरा क्षेत्र के मौहल्ला खेड़ा में एक महिला घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकी पाई गई। किसी काम से घर में आये परिजनों ने यह दृश्य देखा तो उनके होश उड़ गए। महिला को आनन फांसी से उतार कर उपचार के लिएं निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजन शव घर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस के मुताबिक खेड़ा वार्ड 19 निवासी राजपाल का विवाह करीब 9 साल पहले गांव बिलखंडा थाना बंड़ा, शाहजहांपुर यूपी निवासी 27 वर्षीय पूनम पुत्री छबनाथ से हुआ था। विवाह के बाद उनके दो पुत्र सात वर्षीय अंशुल और डेढ़ वर्षीय गौरव हुए। राजपाल और उसका छोटा भाई गोविंदा की खेड़ा में ही घर पर चिकन शाप की दुकान है। मंगलवार शाम को गोविंदा दुकान पर था। जबकि अंशुल ट्यूशन गया हुआ था और राजपाल कमरे में पड़ा हुआ था। इसी बीच अज्ञात कारणों के चलते पूनम ने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर लटक गई। कुछ देर बाद जब पड़ोसी देवर वहां आया तो पूनम को फांसी पर लटका देख उसके होश उड़ गए। शोर शराबा होने पर परिवार के अन्य लोग पहुंचे। फंदे से उतारकर पूनम को निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिस पर परिजन उसे लेकर घर पहुंच गए। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। घटना की सूचना मिलने पर मृतका पूनम के पिता छवि नाथ, भाई मुनेंद्र और सूरज समेत अन्य लोग पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने राजपाल पर पत्नी पूनम की हत्या करने का आरोप लगाया। आरोप है कि राजपाल अक्सर पूनम को पीटता था। राजपाल ने ही पूनम से मारपीट कर पहले उसका गला दबाया और बाद में उसे आत्महत्या दिखाने के लिए फंदे से लटका दिया। एसएसआई नवीन बुधानी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का पता चलेगा। पुलिस मामले में जांच भी कर रही है। फिलहाल मृतका के मायके वालों की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
