February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दिग्गजों के आने की सूचना पर विधायक पांडे के आवास पर उमड़ा जनसैलाब

गूलरभोज। गदरपुर के मौजूदा भाजपा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे इन दिनों सियासी सर्खियों में छाये हुए हैं। वह निरंतर क्षेत्र में जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को भी निशाने पर ले रहे हैं। इस बीच तहसील प्रशासन की ओर से विधायक परिसर में बने कैंप कार्यालय को लेकर अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किए जाने के बाद गुरुवार को विधायक अरविंद पांडेय के आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पौड़ी सांसद अनिल बलूनी और विधायक मदन कौशिक के आगमन की सूचना पर बड़ी संख्या में समर्थक वहां पहुंचे और माहौल पूरी तरह राजनीतिक चर्चा का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम के दौरान विधायक अरविंद पांडेय ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनका राजनीतिक सफर भाजपा की बदौलत है और पार्टी की नीतियों के अनुरूप वह हमेशा गरीब व निर्बल वर्ग के हितों की लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा ही उनकी प्रेरणा है और उसी के आधार पर वे जनसेवा करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नेताओं के आगमन की जानकारी उन्हें सोशल मीडिया के जरिए मिली थी। साथ ही उन्होंने हाल के दिनों में लगाए जा रहे आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें अतिक्रमणकारी या भू-माफिया बताने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन वह इससे विचलित नहीं हैं। विधायक पांडेय ने यह भी स्पष्ट किया कि अतिक्रमण से जुड़े मामले में प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई में वह पूरा सहयोग करेंगे और कानून का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए पार्टी नेतृत्व पर भरोसा जताया और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने की बात कही। विधायक पांडे के आवास पर हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे।
मेरे निवेदन पर नहीं पहुंचे दिग्गज : पांडे
गदरपुर। विधायक अरविंद पांडे ने कहा कि गूलरभोज आवास पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं का जो अपार स्नेह प्राप्त हुआ, उससे अभिभूत हूं। मैंने पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत, अनिल बलूनी और मदन कौशिक को चल रहे कुचक्रों से अवगत कराया। स्थानीय राजनीति के दृष्टिगत ऐसे समय पर यहां आने का कार्यक्रम रद्द करने का निवेदन किया, जिसे तीनों ही नेताओं ने मेरे आग्रह स्वीकार किया। पार्टी हित में यहां न आने का निर्णय लिया। विधायक अरविंद पांडेय ने कहा कि जिस भूमि पर टिनशेड बनाया गया है, उसे लेकर यदि प्रशासन कार्रवाई करता है तो वह उसका विरोध नहीं करेंगे। उन्होंने उल्लेख किया कि उनके परिवार ने हमेशा पार्टी, संगठन और जनता के लिए संघर्ष किया है, जिसके चलते जेल जाना पड़ा और मुकदमों का सामना करना पड़ा। उनका कहना था कि जनता की भलाई के लिए झेले गए मुकदमे किसी सच्चे जनसेवक के लिए सम्मान के समान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं । विधायक ने न्यायपालिका से आग्रह किया कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों का स्वतः संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। विधायक पांडेय ने दोहराया कि जिस स्थान को प्रशासन ने अतिक्रमण बताया है, वहां बनाया गया टिनशेड आम जनता के उपयोग में आता है। उन्होंने कहा कि यदि जनता के हित में किए गए कार्यों को अतिक्रमण की श्रेणी में रखा जाता है तो उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *