वॉलीबॉल टूर्नामेंट में कोपा की टीम बनी चैंपियन
गूलरभोज। श्रद्धेय राजा जगत देव जी को समर्पित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित वॉलीबॉल टूर्नामेंट का डल बाबा मंदिर परिसर में भव्य समापन हुआ। यह प्रतियोगिता ‘श्रद्धेय राजा जगत देव जी बुक्सा जनजाति स्मारक ट्रस्ट’ द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें बुक्सा जनजाति समाज की कुल 30 टीमों ने भाग लेकर खेलकूद का उत्सव सजाया। फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। टूर्नामेंट में कोपा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। उनके संघर्षपूर्ण और सामूहिक खेल को दर्शकों ने जोरदार तालियों से सराहा। रूपपुर टीम ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया, जबकि नंदपुर टीम ने तीसरा स्थान हासिल कर दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के दौरान सभी खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समापन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित किया गया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा भरते हैं और समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजकों, स्मारक ट्रस्ट और सहयोगियों की सराहना की और भविष्य में ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। आयोजकों ने भी बताया कि आने वाले वर्षों में खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने के और अवसर दिए जाएंगे। प्रतियोगिता के समापन के साथ ही सभी खिलाड़ियों और दर्शकों ने राजा जगत देव जी को नमन करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

