Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गैस किल्लत पर उपभोक्ताओं का एजेंसी पर हंगामा

गैस प्रबंधक और उपभोक्ताओं के बीच तीखी झड़प
रामनगर (उद संवाददाता)। रामनगर में पिछले काफी समय से गैस सिलेंडरों की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। डीएसी कोड आने के बावजूद महीनों तक सिलेंडर न मिलने से परेशान दर्जनों उपभोक्ताओं ने रविवार को इंडेन गैस एजेंसी कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया और गैस प्रबंधक दीपक कुमार आर्य का घेराव किया। इस दौरान उपभोक्ताओं और प्रबंधक के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प भी हुई।हंगामा कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि एक महीने से अधिक समय बीत जाने और मोबाइल पर डीएसी कोड प्राप्त होने के बाद भी उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। क्षेत्रीय निवासियों ने वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके इलाकों में गैस की गाड़ियां तो आ रही हैं, लेकिन कर्मचारी सिलेंडर देने में आनाकानी कर रहे हैं। जब उपभोक्ता गोदाम पर पहुंच रहे हैं, तो उन्हें वहां से भी बैरंग वापस कर दिया जा रहा है। प्रदर्शन में शामिल मुस्लिम समाज की महिलाओं ने अपना दर्द साझा करते हुए कहा कि ईद जैसे बड़े त्योहार के दिन भी घर में सिलेंडर नहीं था, जिसके चलते उन्हें मजबूरी में चूल्हे पर खाना बनाना पड़ा। वहीं एक बुजुर्ग उपभोक्ता ने रुआंसे होकर बताया कि वह पिछले छह दिनों से एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं और अब होटल से खाना लाकर बच्चों का पेट पालने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी संचालकों और वितरण कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जरूरतमंदों को गैस न देकर सिलेंडर 1700 से 1800 रुपये तक में ब्लैक में बेचे जा रहे हैं। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति सुचारू नहीं हुई, तो वे एजेंसी में तालाबंदी कर बड़ा आंदोलन करेंगे। दूसरी ओर, गैस प्रबंधक दीपक कुमार आर्य ने सफाई देते हुए कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है और नगर के हर इलाके में रोस्टर के अनुसार सप्लाई की जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए ब्लैक में सिलेंडर बेचे जाने के आरोपों को गंभीरता से लिया है। प्रबंधक ने आश्वासन दिया कि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *