Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दरऊ चौराहा बंद करने पर फूटा कांग्रेसियों का गुस्सा

किच्छा (उद संवाददाता)। किच्छा के व्यस्ततम दरऊ चौराहे को बंद किए जाने के विरोध में क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को विरोध प्रदर्शन कर धरना दिया। एनएचएआई और जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कांग्रेसियों ने चौराहे पर ही टेंट लगाकर धरना दिया । निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधायक तिलक राज बेहड़ और बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता दरऊ चौराहे पर एकत्रित हुए। करीब डेढ़ घंटे तक चले धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड के अधिकारियों और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विधायक बेहड़ ने कहा कि दरऊ चौराहा एक अति महत्वपूर्ण मार्ग है, जहाँ से शहर और दर्जनों ग्रामीण क्षेत्रें के वाहनों का आवागमन होता है। इसके अलावा क्षेत्रीय स्कूलों के सैकड़ों बच्चों के आने-जाने का भी यही मुख्य रास्ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक  राजनीतिक षडड्ढंत्र के तहत अधिकारियों ने इस चलते हुए चौराहे को बंद कर जनता के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। विधायक ने प्रशासन की इस कार्रवाई को तुगलकी फरमान बताते हुए कहा कि चौराहे यातायात को सुचारू बनाने के लिए होते हैं, न कि उन्हें बंद करने के लिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि विभाग ने जल्द ही इस चौराहे को यातायात के लिए नहीं खोला, तो वे इस मामले को लेकर माननीय न्यायालय की शरण लेंगे। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों को भी इस मामले में पार्टी बनाकर कटघरे में खड़ा किया जाएगा। धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह आम जनता की सुविधा का सवाल है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेश प्रताप सिंह, भूपेंद्र पपनेजा उर्फ बंटी, एनयू खान, ओम प्रकाश पप्पू, सुनीता कश्यप, राजीव अग्रवाल, दानिश मलिक, संतोष अधिकारी, कलावती सहित सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *