खाली सिलेंडरों के साथ कांग्रसियों ने किया प्रदर्शन
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। रसोई गैस की भारी किल्लत और वितरण व्यवस्था में विफलता को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा और महानगर अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने खाली गैस सिलेंडर लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा आज उत्तराखंड की जनता भाजपा सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा भुगत रही है। गैस के लिए लोगों को घंटों लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। महंगाई ने पहले ही आम आदमी की कमर तोड़ दी है, ऊपर से अब रसोई गैस की उपलब्धता न होना सरकार की बड़ी प्रशासनिक नाकामी है। महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने कहा सरकार के गलत फैसलों के कारण महंगाई आज आसमान छू रही है। लोग अपने घरों के जरूरी काम छोड़कर गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। यदि जल्द ही गैस आपूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो आंदोलन को और भी उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन में उमा सरकार, मोहन कुमार, राकेश अधिकारी, अनुज कुमार, चमन सागर, जयदीप मिस्त्री, बेबी सिकदार,प्रीति साना, राकेश कुमार, छत्रपाल, राहुल प्रजापति, बबलू सागर, बाबू विश्वकर्मा, मधु सिकदर, शम्भू नाथ मौर्य, कविता, गौरी, चांदनी, राकेश कोली, राजवीर, राजेश कुमार, अनिल शर्मा, अरविन्द सक्सेना, भूरी, राजरानी, मानस विश्वासी, अर्जुन विश्वास और अंकित अधिकारी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
