बंगाली समाज के लिए संघर्ष करेगी कांग्रेस,भाजपा कर रही उपेक्षा- बेहड़
रुद्रपुर।भाजपा सरकार पिछले कई वर्षों से बंगाली समाज की न्यायोचित मांगों की अनदेखी कर रही है। अब कांग्रेस पार्टी बंगाली समाज की समस्याओं सहित सभी जन मुद्दों को लेकर आम जनता को साथ लेकर संर्घष करेगी। यह बात किच्छा के विधायक तिलकराज बेहड़ ने आज यहां अपने आवास पर पत्रकारों से बतचीत करते कही। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान का विधानसभा में दिया गया बयान निन्दनीय है। किसी भी राज्यवासी को बाहरी कहना उचित नहीं है यह उनका अपमान है। जिसे कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि देश बंटवारे के दौरान लाखों लोग पाकिस्तान छोड़कर भारत आये जिनमें सैकड़ों लोग इस पर्वतीय क्षेत्र में आकर बसे। वहीं वर्ष 1951 में पश्चिम बंगाल से लाखों लोग भी पलायन कर यहां आये थे। जिन्हें तत्कालीन सरकार द्वारा सभी आवश्यक सुविधायें उपलब्ध कराई गई थीं। जबकि राज्य की स्थापना वर्ष 2000 में हुई। यह बात मुन्ना चौहान को नहीं पता होंगी। श्री बेहड़ ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेई ने देवभूमि में चुनाव प्रचार के दौरान वायदा किया था कि केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने पर यहां बंगाली समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा दिया जायेगा। लेकिन यह वायदा आज तक पूरा नहीं हुआ। जबकि मेघालय, त्रिपुरा, असम, मणिपुर, मीजोरम, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा में इस समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा मिला हुआ है। फिर देवभूमि से भेदभाव क्यों? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सांसद रहे केसी सिंह बाबा ने संसद में यह मुद्दा उठाया था। जिसके बाद केन्द्र की ओर से पत्राचार भी हुआ लेकिन प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही सब कुछ बंद कर दिया गया। श्री बेहड़ ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा जनता के साथ धोखा ही किया है। इसकी सच्चाई बताने के लिए वह आम जनता को साथ लेकर कांग्रेस के बैनर तले संघर्ष शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री पं. नारायण दत्त तिवारी ने इस राज्य के लिए जितना विकास किया आज तक कोई मुख्यमंत्री नहीं कर पाया है। अधिकांश योजनायें उनके कार्यकाल की ही हैं। वार्ता के दौरान श्री बेहड़ ने शहीद उधम सिंह यूनिर्विर्सटी की स्थापना करने, धान खरीद घोटाला, गन्ना खरीद मूल्य फैक्ट्री शुरू होने से पूर्व घोषित करने, भ्रष्ट अफसरशाही, नये विद्युत कनेक्शन बंद करने, निर्माण कार्यों में टेण्डर घोटाला, पुलिस साथ लेकर स्मार्ट मीटर लगाने, चिकित्सा अव्यवस्था, सिरोलीकला को किच्छा में शामिल करने, अतिक्रमण हटाने से प्रभावित परिवारों के पुर्नवास, वर्ग 4 की भूमि के विनियमितिकरण सहित अन्य कई मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि वह जन मुद्दों को लेकर आगामी 17 नवम्बर को पंतनगर में गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष 24 घंटे का उपवास करेंगे। वार्ता के दौरान परिमल राय, मोहन खेड़ा आदि मौजूद रहे।
