कांग्रेस नेता 10 मार्च को करेंगे भराड़ीसैंण विधानसभा का घेराव
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विधानसभा सत्र के बीच आगामी 10 मार्च को गैरसैण कूच करने का ऐलान करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों, शोषण के खिलाफ बेरोजगार युवाओं के अधिकारों पर डाका डालने, भर्ती घोटालों और बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ गैरसैंण विधानसभा कूच किया जायेगा। गणेश गोदियाल ने कहा कि विधानसभा सत्र में विपक्ष जनमुद्दों के सवालों का उठायेंगे और सरकार की जवाबदेही तय की जायेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बताया कि जन मुद्दों को लेकर कांग्रेस 10 मार्च को भराड़ीसैंण विधानसभा का घेराव करेगी। इसके लिए प्रदेश भर से पार्टी कार्यकर्ता गैरसैंण पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का यह निर्णय बहुत उत्साहजनक है। मेरे लिए ही नहीं, उन सभी लोगों के लिए भी जो उत्तराखंड में सत्ता परिवर्तन देखना चाहते हैं। 10 मार्च को भराड़ीसैंण के प्रत्येक धार में कांग्रेस का झंडा होगा और हर धार से लोग इस प्रदर्शन में शामिल होंगे। यह प्रदर्शन परिवर्तन की दिशा तय करने का काम करेगा। हरीश रावत ने कहा कि मैं भी इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भराड़ीसैंण जाऊंगा।
