Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रक्षा मंत्री के हल्द्वानी भ्रमण को लेकर आयुक्त ने परखीं व्यवस्थाएं

हल्द्वानी । केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आगामी 21 मार्च को जनपद नैनीताल के प्रस्तावित भ्रमण को लेकर प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। बुधवार को सर्किट हाउस हल्द्वानी में आयुक्त और मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय पूर्व तैयारी बैठक संपन्न हुई। बैठक में कुमाऊं आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को समय रहते तैयारियां पूर्ण करने और सौंपी गई जिम्मेदारियों को त्रुटिरहित ढंग से निभाने के सख्त निर्देश दिए।आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी के एमबी मैदान में शनिवार को एक भव्य और महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और विद्युत आपूर्ति जैसे सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि पार्किंग स्थल से लेकर सभा स्थल तक आम जनता की पहुंच सुगम होनी चाहिए और हर आगंतुक के बैठने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी को भी असुविधा न हो।बैठक के दौरान आयुक्त ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टीसी मंजूनाथ को पूरे कार्यक्रम क्षेत्र को सेक्टरवार विभाजित कर कार्य आवंटित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संस्थान को पर्याप्त पेयजल टैंकरों और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने तथा नगर निगम को नियमित सफाई अभियान चलाने को कहा। लोक निर्माण विभाग को वीआईपी मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक की सड़कों को गîक्का मुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनियां लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।समीक्षा बैठक के पश्चात आयुक्त दीपक रावत ने स्वयं एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर चल रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोनिवि के अधिकारियों को पंडाल और मंच निर्माण का कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने की हिदायत दी। बैठक में दर्जा राज्य मंत्री डॉ अनिल कपूर डब्बू, भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी उधमसिंह नगर नीतिन भदौरिया, सीडीओ अरविंद कुमार पाण्डे सहित लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान और विद्युत विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *