सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर जोशी को सीएम ने दी श्रद्धांजलि
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के आवास पहुंचकर गोली कांड में उनकी दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि इस जघन्य और दुर्भाग्यपूर्ण घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने परिजनों को विश्वास दिलाया कि सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है और न्याय सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर उच्चाधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने पुलिस और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेशभर में तत्काल ऑपरेशन प्रहार चलाया जाए। इस अभियान के तहत अवांछित, आपराधिक और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा ऐसे अराजक तत्वों के लिए उत्तराखंड की पावन भूमि पर कोई स्थान नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और शांति भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन को असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस दौरान शासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
