February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखंड में सीएम ने फिल्म ‘गोदान’ को टैक्स फ्री करने के दिए निर्देश

देहरादून (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसान परंपरा, ग्रामीण जीवन और गोवंश के महत्व को दर्शाने वाली फिल्म ‘गोदान’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने के निर्देश जारी किए हैं। 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म भारतीय संस्कृति और परंपराओं को समाज के सामने सशक्त ढंग से प्रस्तुत करती है, जिसे देखते हुए राज्य सरकार ने इसे प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गाय केवल आस्था या धर्म का प्रतीक नहीं है, बल्कि वह हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक संरचना का मजबूत स्तंभ है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की फिल्में समाज में संवेदनशीलता और सकारात्मकता पैदा करने का काम करती हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गोवंश का संरक्षण और संवर्धन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और ऐसी फिल्मों के माध्यम से जनमानस में गो-सेवा के प्रति जागरूकता आएगी। मुख्यमंत्री ने राज्य में गोवंश संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सरकार गोसदनों को निरंतर बढ़ावा दे रही है ताकि निराश्रित और बेसहारा गोवंश की उचित देखभाल हो सके। इसके साथ ही, विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से पशुपालकों और गोपालकों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रें की आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके। धामी सरकार ने साफ किया है कि सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर बनने वाली फिल्मों और अन्य रचनात्मक प्रयासों को भविष्य में भी सरकार का पूरा सहयोग और प्रोत्साहन मिलता रहेगा। सरकार का मानना है कि मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञानवर्धक और समाजोपयोगी सामग्री को जनता तक पहुंचाना फिल्म जगत की बड़ी जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *