महागठबंधन के नेताओं पर जमकर गरजे सीएम धामी : बिहार के समग्र विकास के लिए डबल इंजन की सरकार बनाना आवश्यक : धामी
कल्याणपुर। बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के तहत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी सचिंद्र प्रसाद सिंह के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों विशेष रूप से महागठबंधन के नेताओं पर जमकर निशाना साधा और मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। सीएम धामी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के समग्र विकास के लिए डबल इंजन की सरकार बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा डबल इंजन राज्य की जरूरत है। राज्य की जो आवश्यकताएं हैं, वह केवल केंद्र सरकार ही समझती है। जब राज्य और केंद्र सरकार एक ही दल की होती हैं, तो विकास तेजी से और प्रभावी ढंग से होता है। मोदी सरकार आज हर वर्ग के लिए काम कर रही है और उनके जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आगे कहा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जन-धन योजना, आयुष्मान भारत योजना, मुफ्त राशन योजना जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। बिहार के साढ़े आठ करोड़ लोग मुफ्त राशन योजना का लाभ उठा रहे हैं। साथ ही पचास लाख से अधिक गरीब परिवारों को घर देने का काम भी मोदी सरकार ने किया है। आज बिहार के हर घर में नल, हर घर शौचालय जैसी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है। यह सिर्फ विकास ही नहीं, बल्कि लोगों के जीवन को सशक्त बनाने का प्रयास है। सीएम धामी ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा गप्पू भईया और पप्पू भईया का महागठबंधन केवल झूठे वादे करके जनता को भ्रमित करता है। ये लोग सिर्फ जनता की गाढ़ी कमाई से अपने परिवार की तिजोरियां भरने का काम करते हैं। जनता अब समझ चुकी है कि कौन काम करता है और कौन सिर्फ वादों का प्रदर्शन करता है। धामी ने सभा में आगे कहा कि भाजपा की सरकार ने देश में हर क्षेत्र में विकास की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा, ष्किसानों के लिए पीएम किसान योजना लागू की गई, गरीबों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है, महिलाओं के लिए सशक्तिकरण योजनाएं चलाई जा रही हैं, और युवाओं के लिए रोजगार और प्रशिक्षण के अनेक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ये सब काम सिर्फ भाजपा और मोदी सरकार की बदौलत संभव हो सके हैं। सीएम धामी ने अपने संबोधन का समापन करते हुए कहा इस चुनाव में बिहार को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना हमारा लक्ष्य है। डबल इंजन की सरकार ही राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी सचिंद्र प्रसाद सिंह, वरिष्ठ नेता विनय रूहेला, अमित कुमार, नवल भगत, प्रशांत मिश्रा, हिमांशु शुक्ला, निर्मल पासवान सहित तमाम वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
