सीएम धामी ने हल्द्वानी में एशियन कैडेट कप का किया शुभारम्भ
हल्द्वानी(उद संवाददाता)। तलवार बाजी की शिक्षा देश की प्राचीनतम शिक्षा है जो महाभारत काल से भी पूर्व से प्रचलित है। देवभूमि राज्य के खिलाड़ी आज तलवारबाजी खेल के साथ ही सभी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शनकर राज्य का नाम देश विदेशों में रोशन कर रहे हैं। यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज यहां फेंन्सिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित एशियन कैडेट कप इण्डिया 2025 का शुभारम्भ करने के बाद एशिया के विभिन्न देशों से आये खिलाड़ियों व अन्य अतिथियों को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि देवभूमि के लिए यह सौभाग्य की बात है कि इसे फेन्सिंग एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करने का गौरव मिला। इस प्रतियोगिता में एशिया के करीब 17 देशों के 200 से भी अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तलवारबाजी का इतिहास काफी पुराना है। प्राचीनकाल में शस्त्र शिक्षा अनिवार्य होती थी।

इसके साथ ही धनुर्विद्या का भी अहम स्थान है। श्री धामी ने कहा कि महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी, गुरूगोबिन्द सिंह, महाराजा रंजीत सिंह, झांसी की रानी लक्ष्मी बाई सहित कई महापुरूषों ने देश व धर्म की खातिर तलवार और धनुष बाण से युद्ध लड़े। उन्होंने कहा कि देश में अन्य खेलों की अपेक्षा तलवार बाजी खेल को उतना प्रोत्साहन नहीं मिल पाया। परंतु जब से खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर तलवारबाजी में पदक हासिल करने शुरू किये इस खेल को काफी आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि देवभूमि में भी खेल और खिलाड़ियों को हमेशा से प्रोत्साहित किया जाता रहा है। आज देवभूमि को खेलभूमि के रूप में भी पहचाना जाने लगा है। सरकार खेलों के विकास के लिए 517 करोड़ रूपये खर्च कर रही है। हल्द्वानी में खेल विश्व विद्यालय की स्थापना की जा रही है। श्री धामी ने कहा कि पंतनगर में निर्माणाधीन अर्न्ताष्ट्रीय एयरपोर्ट का शीघ्र ही शिलान्यास किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा के लिए खेल नीति लागू की गई है। राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय खेलों में पदक हासिल करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए राजकीय सेवाओं में 4 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। साथ ही ऐसे खिलाड़ियों को नगद धनराशि से भी सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेलों के साथ सभी को पर्यावरण संरक्षण के लिए भी आगे आने की आवश्यकता है। युवा वर्ग नशे से हमेशा दूर रहकर देश प्रदेश के विकास में सहयोग करे। इससे पूर्व श्री धामी का आयोजन स्थल पर पहुंचने पर उन्हें सलामी दी गई और गणमान्य अतिथियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान ओलम्पिक संघ के राजीव मेहता, कमिश्नर दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, डीएम वन्दना सिह, एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा, विधायक राम सिंह कैड़ा,भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिला महामंत्री तरूण बंसल,दर्जा राज्य मंत्री नवीन वर्मा,काशीपुर मेयर दीपक बाली आदि मौजूद रहे।
