Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

‘सीएम धामी की बड़ी सौगात’ औद्योगिक नगरी रुद्रपुर में किया जाएगा मॉडल वृद्ध आश्रम का निर्माण

वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल के लिए तैयार किए जाएंगे 150 मास्टर ट्रेनर एवं केयर गिवर
देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर के वरिष्ठ नागरिकों को एक बड़ी सौगात दी है।अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर राजधानी में बीते रोज आयोजित एक राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से उधम सिंह नगर के जिले के रुद्रपुर में एक मॉडल वृद्ध आश्रम का निर्माण करने जा रही है । इस क्रम में वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल के लिए 150 मास्टर ट्रेनर व केयर गिवर तैयार करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। बताना होगा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी बुधवार को हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग करने पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों को वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं और वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर वरिष्ठ नागरिक सम्मान संकल्पष् भी दिलाया इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।इसके अलावा उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों की सेवा के लिए समर्पित निशुल्क एंबुलेंस वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ ही वाकथन रैली का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के स्तंभ हैं तथा इनका आशीर्वाद व अनुभव समाज के लिए एक मार्गदर्शन की तरह होता है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा देश, प्रदेश एवं समाज निर्माण में दिए गए योगदान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए राज्य में वृद्धाश्रम की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि बागेश्वर, चमोली व उत्तरकाशी जनपदों में पहले से ही राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं जबकि देहरादून, अल्मोड़ा व चंपावत में नए भवन का निर्माण किया जा रहा है, इसके अतिरिक्त रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी व पिथौरागढ़ में भी वृद्धाश्रम बनाए जाने की योजना है । उन्होंने आगे बताया कि जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल के लिए इस इस वर्ष 150 मास्टर ट्रेनर और केयर गिवर तैयार करने का लक्ष्य है। अपने संबोधन के दौरान सीएम ने अटल वयो अभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना, राष्ट्रीय वयोश्री योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना समेत तमाम कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में छह लाख बुजुर्गों को पेंशन की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के जरिए उपलब्ध कराई जा रही है तथा इस साल 1300 वरिष्ठ नागरिकों की मोतियाबिंद की निशुल्क सर्जरी करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *