Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ऑडियो कांड पर सीएम धामी ने तोड़ा मौन : अंकिता के माता पिता से मिलूंगा,जो अपनी बेटी के न्याय के लिए चाहते है वो फैसला लूँगा

देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल कथित वीआईपी की सीबीआई जांच को लेकर उठ रही मांग के बीच पहली बार बड़ा बयान देते हुए मीडिया से बात की। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि अंकिता भंडारी मामले मे ” मै अंकिता भंडारी के माता पिता से मिलूंगा, पूरे प्रकरण मे उनका मत जानूंगा, उसके बाद जो वो कहेंगे वो फैसला लूँगा” । सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अंकिता के माता पिता की राय पर जो भी कानूनी प्रक्रिया होगी उस पर अध्ययन करने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, हम हर जांच के लिए तैयार हैं। कहा कि अंकिता भंडारी की हत्या एक संवेदनशील व हृदय विदारक घटना है। प्रदेश सरकार ने इस पूरे मामले की मजबूती से पैरवी की और तीन आरोपियों को उम्र कैद की सजा हुई है। मंगलवार को सचिवालय मीडिया हाउस में पत्रकारों से वार्ता में सीएम धामी ने कहा कि हाल ही में जारी एक ऑडियो की सत्यता जानने के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। सरकार इस मामले में हर जांच करने के लिए तैयार है। कोई भी दोषी होगा वह छूटेगा नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा अंकिता के माता पिता से बात करेंगे और वह जो चाहेंगे सरकार उस पर निर्णय लेगी। वायरल ऑडियो के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित अंकिता के परिजन हुए हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर प्रदेश में लोग सड़कों पर उतरे हैं। तीन साल पहले हुए चर्चित अंकिता हत्याकांड में वीआईपी का नाम सामने आने पर विपक्ष सहित तमाम सामाजिक संगठन सरकार से सीबीआई जांच कराने की मांग कर रहे हैं। बीते कई दिनों से अभिनेत्री उर्मिला सनावर के सिलसिलेवार वीडियो ने सोशल मीडिया ही नहीं पूरे प्रदेश में राजनीतिक भूचाल ला दिया है। उर्मिला अपने वीडियो में जहां अंकिता भंडारी हत्याकांड की परतें खोलने का दावा कर रही है तो वहीं वीआईपी नामों को लेकर भी पार्टी के ही वरिष्ठ नेताओं पर आरोप लगा रही है। ऑडियो कांड में पूर्व विधायक सुरेश राठौर की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस जांच में जुटी है। जबकि अब तक अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने अपने साक्ष्य एसआईटी के समक्ष प्रस्तुत नहीं किये हैं। माना जा रहा है कि धामी सरकार जल्द बड़ा कदम उठा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *