सफाईकर्मियों और सुरक्षाबलों के बीच पहुंचे सीएम
भराड़ीसैंण (उद संवाददाता)। उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के आगाज से पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक अलग ही अंदाज में नजर आए। सोमवार सुबह सत्र की औपचारिक शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री भराड़ीसैंण (गैरसैंण) की वादियों में पैदल सैर पर निकले। इस दौरान उन्होंने केवल प्रकृति का आनंद ही नहीं लिया, बल्कि विधानसभा परिसर की व्यवस्थाओं में जुटे धरातल के कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। मुख्यमंत्री ने अपने भ्रमण के दौरान परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित कर रहे सफाई कर्मियों, सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस के जवानों और विधानसभा सत्र के सफल संचालन के लिए दिन-रात जुटे अन्य कर्मचारियों से आत्मीय भेंट की। सीएम ने सभी का कुशलक्षेम जाना और उनके कार्यों की सराहना करते हुए सीधा संवाद किया। कर्मचारियों ने भी अपने बीच मुख्यमंत्री को पाकर प्रसन्नता व्यक्त की और अपनी कार्यप्रणाली के अनुभव साझा किए। सैर के दौरान मुख्यमंत्री विधानसभा के रसोई घर (कैंटीन) में भी पहुंचे। यहां उन्होंने सत्र के दौरान माननीयों और कर्मचारियों के लिए तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने वहां कार्यरत रसोई कर्मियों से चर्चा की और उनकी आवश्यकताओं व कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि भोजन की गुणवत्ता और शुद्धता में किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। इसके उपरांत मुख्यमंत्री विधानसभा परिसर स्थित जिम में पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ समय व्यायाम कर फिटनेस का संदेश दिया। उन्होंने जिम में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों और सुविधाओं का निरीक्षण किया और वहां मौजूद अन्य लोगों को भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
