मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीमांत गांव मिलम का दौरा किया: आईटीबीपी के जवानों और स्थानीय ग्रामीणों से मिले सीएम
पिथौरागढ़(उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पिथौरागढ़ जिले के दूरस्थ सीमांत गांव मिलम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आईटीबीपी के जवानों और स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनके अनुभव और समस्याओं को जाना। मुख्यमंत्री ने जवानों के समर्पण और सेवा भाव की खुलेआम सराहना की और कहा कि दुर्गम परिस्थितियों में भी देश की सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता प्रेरणादायक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रें में रहने वाले लोग और जवान मिलकर कठिन परिस्थितियों में भी देश की सुरक्षा और विकास में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इन इलाकों में स्थानीय लोगों का सहयोग सैनिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह साझेदारी एक मिसाल पेश करती है। मुख्यमंत्री धामी ने ग्रामीणों के साथ भी आत्मीय संवाद किया और उनसे क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में ‘वाइब्रेंट विलेज’ कार्यक्रम के माध्यम से सीमांत गांवों को आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। इसके तहत स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और क्षेत्र के विकास को गति देने के प्रयास तेजी से जारी हैं। धामी ने यह भी बताया कि राज्य सरकार इन दूरदराज इलाकों में मूलभूत ढांचा मजबूत करने, पर्यटन को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया और आश्वस्त किया कि सीमांत क्षेत्रें के विकास को लेकर उनकी सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री की इस मुलाकात से ग्रामीणों और जवानों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और सीमांत क्षेत्र के विकास को लेकर उनकी दूरदर्शिता की सराहना की।






