मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला और विकास योजनाओं के लिए खोली तिजोरी, करोड़ों का बजट स्वीकृत
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए भारी भरकम वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। सरकार ने हरिद्वार में प्रस्तावित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर 2 बिल्डिंग के निर्माण के लिए 50.27 करोड़ रुपये की संस्तुति देते हुए चालू वित्तीय वर्ष के लिए 20.11 करोड़ रुपये की पहली किश्त को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही उधम सिंह नगर के किच्छा में कम्युनिटी हॉल निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं जिसमें से 50 लाख रुपये तत्काल जारी करने का अनुमोदन किया गया है। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के विकास के लिए भी मुख्यमंत्री ने पिटारा खोला है। पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चुल्कोट हरदौल मंदिर, महाकाली मंदिर माणीटुण्डी, देवी मंदिर मदकोट और रामलीला मंच मवानी के सौंदर्यीकरण व मेला स्थल निर्माण हेतु 98.64 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। साथ ही ग्राम पंचायत दाखिम, क्वीटी, समकोट, साईपोला और बुई पातों में आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। छिपला केदार ट्रैक रूट और पांगला में ब्रह्मदेव मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य को भी हरी झंडी मिल गई है।आपदा न्यूनीकरण के तहत चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में शारदा नदी के दाएं पार्श्व पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए 11.59 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर नगर निगम के मुख्य कार्यालय भवन के पुनर्निर्माण हेतु 15.74 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। राजधानी देहरादून में सहस्घ्त्रधारा रोड पर शहरी विकास निदेशालय के भवन निर्माण के लिए 62.64 करोड़ रुपये की बड़ी योजना को स्वीकृति मिली है। शहरी विकास के क्षेत्र में प्रदेश की विभिन्न नगर पंचायतों जैसे रामपुर, गुप्तकाशी, तपोवन, चमियाला, गूलरभोज और चिन्यालीसौड़ नगरपालिका परिषद में रजत जयंती पार्क निर्माण, सौंदर्यीकरण और ओपन जिम स्थापना के लिए भी बजट आवंटित किया गया है। इसके अतिरिक्त अवस्थापना विकास निधि से 13 विभिन्न कार्यों के लिए 53.12 करोड़ रुपये और देहरादून में बौद्ध विकास योजना के तहत पेयजल निगम के माध्यम से संचालित परियोजनाओं के लिए 11.11 करोड़ रुपये की द्वितीय किश्त को भी अनुमोदन प्रदान किया गया है।
