February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल-2026 का मुख्यमंत्री ने किया शुभारम्भ

पौड़ी/बिलखेत (उद संवाददाता)। पौड़ी गढ़वाल की सुरम्य नयार घाटी स्थित बिलखेत में तीन दिवसीय ‘नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल-2026’ का गुरुवार को भव्य और रंगारंग आगाज हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर इस साहसिक महोत्सव का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही बिलखेत का आसमान रंग-बिरंगे पैराग्लाइडर्स से भर गया, जबकि नयार नदी की लहरों पर युवाओं ने जल- क्रीड़ाओं का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक दूरदर्शी विजन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा नयार घाटी केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं है, बल्कि यह संभावनाओं का एक विशाल समंदर है। हमारी सरकार उत्तराखंड को देश की ‘एडवेंचर कैपिटल’ बनाने के संकल्प पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य राज्य के सीमावर्ती और पहाड़ी क्षेत्रें से पलायन को रोकना है। उन्होंने कहा, ष्जब हम पर्यटन के नए डेस्टिनेशन विकसित करते हैं, तो वहां की हमारी माताएं-बहनें होमस्टे चलाती हैं, स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलता है और युवाओं को अपने घर के पास ही रोजगार मिलता है। यह फेस्टिवल नयार घाटी के आर्थिक कायाकल्प की शुरुआत है। उन्होंने घोषणा की कि यहां पैराग्लाइडिंग की ट्रेनिंग के लिए स्थायी ढांचा विकसित करने पर विचार किया जाएगा ताकि स्थानीय युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण मिल सके। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि नयार घाटी को ऋषिकेश की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा नयार नदी का शांत और साफ जल कयाकिंग के लिए विश्व स्तर का है। हम यहां केवल खेल ही नहीं, बल्कि एक पूरा इको-सिस्टम तैयार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस तीन दिवसीय उत्सव में पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, कयाक-स्लालोम, और ट्रेल रनिंग जैसी विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही पर्यटकों के आकर्षण के लिए हॉट एयर बैलून राइड्स भी उपलब्ध कराई गई हैं। उत्सव के पहले दिन साहसिक खेलों के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति की भी धूम रही। छोलिया नर्तकों के दल ने पारंपरिक वाद्य यंत्रें की धुन पर समां बांध दिया, जिसे देख मुख्यमंत्री और अन्य अतिथि भाव-विभोर हो गए। फेस्टिवल ग्राउंड में विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी और स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय हस्तशिल्प व पहाड़ी व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में पर्यटकों ने पहाड़ी जायके का लुत्फ उठाया। इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, विधायक रेनू बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, पूर्व विधायक संपत सिंह रावत, ब्लाक प्रमुख महिपाल सिंह, जिला पंचायत सदस्य आशुतोष गौड़, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी लोकेश्वर सिंह के अलावा कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, साहसिक खेलों के विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्राम प्रधान व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *