हरिद्वार में मुख्यमंत्री ने किया ‘मशरूम ग्राम’ का उदघाटन
मुख्यमंत्री ने केन्द्र एवं प्रदेश की योजनाओं से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ‘स्वरोजगार से रोजगार की ओर’ कार्यक्रम के तहत मशरूम उत्पादन एवं स्वरोजगार महा अभियान में मशरूम ग्राम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से स्वावलंबन की दिशा में प्रोत्साहित कर रही है। मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं, जिससे युवाओं को न केवल सरकारी नौकरियों बल्कि प्राइवेट सेक्टर में भी रोजगार के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिला स्वयं सहायता समूहों की भूमिका की सराहना की और कहा कि मातृशक्ति के माध्यम से महिलाएँ न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने में भी सक्षम हो रही हैं। सीएम धामी ने केन्द्र सरकार और प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा आज पीएम किसान निधि योजना के तहत देश भर के करोड़ों किसानों को सीधे लाभ मिल रहा है। पूर्व में किसान योजनाओं के लाभ से वंचित रहते थे, लेकिन अब यह लाभ सीधे उनके बैंक खातों में पहुँच रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री ने मशरूम ग्राम की महत्वता पर बल देते हुए कहा कि यह परियोजना किसानों और महिला समूहों के लिए रोजगार सृजन का मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि मशरूम उत्पादन न केवल स्थानीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करेगा बल्कि युवाओं और महिलाओं के स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ाएगा। मुख्यमंत्री ने उपस्थित किसानों और युवाओं से कहा कि यह समय नई तकनीकों और स्वरोजगार की संभावनाओं को अपनाने का है, जिससे प्रदेश और देश की कृषि तथा उद्योग दोनों ही क्षेत्रें में समृद्धि आए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता किसानों की आय बढ़ाना, स्वरोजगार को प्रोत्साहित करना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इन क्षेत्रें में लगातार नई पहल करती रहेगी और हर गाँव तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, प्रदीप बत्र, रवि बहादुर, राज्य मंत्री बलराज पासी, स्वामी यतीश्वरनानंद जी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मशरूम ग्राम के उदघाटन के साथ ही किसानों और महिलाओं को इस क्षेत्र में प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग देने का भी निर्देश दिया।
