खटीमा में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में पहुंचेंगे मुख्यमंत्री धामी
खटीमा/मझोला। पूर्वांचल समाज के सबसे बड़े आस्था पर्व छठ की तैयारियों ने क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया है। रविवार को खरना अनुष्ठान के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत हुई। सोमवार को व्रतधारी महिलाएं डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी, जबकि मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत संपन्न करेंगी। खटीमा में संजय रेलवे पार्क, बाइस पुल, बगुलिया और मेलाघाट समेत कई छठ घाटों पर सफाई और सजावट का कार्य पूरा कर लिया गया है। जगह-जगह रंग-बिरंगे पंडालों, झालरों और दीपों से घाटों को आकर्षक रूप दिया गया है। पूर्वांचल सेवा समिति के अध्यक्ष एसपी सिंह और संयुक्त सचिव ठाकुर जितेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार शाम रेलवे स्टेशन परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल के पास सूर्य देवता का मंदिर भी सजाया गया है। कार्यक्रम में भजन और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी, जिसमें गायक मास्टर विकास, वंशिका निगम और खुशी मिश्रा अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुंच रहे हैं। वहीं मझोला क्षेत्र के नौसर गांव में भी छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। प्रवीण नदी तट पर महिलाओं ने निर्जला व्रत की शुरुआत कर भगवान भास्कर की आराधना में डूब गईं। ग्राम प्रधान महेंद्र पाल ने बताया कि सोमवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, चारों ओर छठ मइया के गीतों की गूंज और घाटों की सजावट से पूरा क्षेत्र श्रद्धा और उल्लास के रंग में रंगा हुआ है।

