स्नेहा राणा को मुख्यमंत्री ने दी बधाई : 50 लाख देने की घोषणा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिला विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली उत्तराखंड की स्टार क्रिकेटर स्नेहा राणा को 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने स्नेहा राणा से दूरभाष पर वार्ता कर विश्व कप में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शानदार सफलता के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्नेहा राणा ने अपनी मेहनत, लगन और अदम्य संकल्प के बल पर न केवल उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि स्नेहा की सफलता हमारे युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को सर्वाेत्तम सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि उत्तराखंड की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान स्थापित कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां आज हर क्षेत्र में देश को गौरवान्वित कर रही हैं, और स्नेहा राणा का प्रदर्शन इसी गौरवशाली परंपरा का उज्ज्वल प्रतीक है। मुख्यमंत्री द्वारा घोषित सम्मान और प्रोत्साहन राशि के लिए स्नेहा राणा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह देश और उत्तराखंड का नाम और ऊँचा करने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेंगी।
