मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के लिए करोड़ों की धनराशि को दी मंजूरी
संस्कृत विश्वविद्यालय की चाहरदीवारी और निदेशालय भवन सहित कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का रास्ता हुआ साफ
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में शिक्षा, शहरी विकास और सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से हरिद्वार स्थित उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय की चाहरदीवारी निर्माण के लिए नियोजन विभाग की संस्तुति के आधार पर 8.62 करोड़ रुपये के सापेक्ष वर्तमान में उपलब्ध 1.50 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के लक्ष्मण सिंह महर पिथौरागढ़ परिसर में विधि संकाय भवन निर्माण के लिए भी 17.48 करोड़ रुपये के सापेक्ष 3.13 करोड़ रुपये की अवशेष धनराशि स्वीकृत की गई है। शहरी विकास विभाग के अंतर्गत देहरादून के डाण्डा लखौण्ड सहस्त्रधारा रोड पर शहरी विकास निदेशालय के भव्य कार्यालय भवन निर्माण के लिए कुल 62.64 करोड़ रुपये की बड़ी लागत को स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 5.00 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी करने का अनुमोदन किया गया है। वहीं राजधानी के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में कालंगा नहर पर दुनाली के पास खुली नहर को कवर करने के कार्य के लिए 42.18 लाख रुपये की प्रथम किश्त मंजूर की गई है।सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री ने ऊधमसिंह नगर जनपद की खटीमा विधानसभा के अंतर्गत राज्य मार्ग 70 सत्रहमील से नानकसागर प्रभाग तक के मार्ग को 1.5 लेन में उच्चीकरण करने हेतु 34.44 करोड़ रुपये की भारी भरकम राशि स्वीकृत की है। इसी क्रम में चम्पावत जनपद के ग्राम नीड से नैनी ग्रामीण मोटर मार्ग के निर्माण के लिए भी 6.58 करोड़ रुपये का अनुमोदन प्रदान किया गया है। इसके अतिरिक्त नई दिल्ली स्थित राज्य अतिथि गृह उत्तराखण्ड निवास के विद्युत अनुरक्षण और मरम्मत संबंधी कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए 2.73 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। इन सभी स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
