Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा : नशे की हातल में थे राजीव,सड़क दुर्घटना की वजह से हुई मौत !

उत्तरकाशी।  पत्रकार राजीव प्रताप की मौत का मामला सुर्खियों में बना हुआ है। इसी बीच अब इसको लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस की जांच में ये खुलासा हुआ है कि राजीव की मौत हत्या नहीं बल्कि सड़क दुर्घटना की वजह से हुई है। पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि दुर्घटना के समय राजीव शराब के नशे में थे। सीसीटीवी फुटेज से इस बात की पुष्टि हुई है। वो लड़खड़ाते हुए चल रहे थे। साथ ही वो गाड़ी भी गलत दिशा में चला रहे थे। पुलिस की गहन जांच में ये सामने आया कि 18 सितंबर की शाम करीब सात बजे राजीव प्रताप और उनके कैमरामैन मनबीर कलूड़ा ने पुलिस लाइन में नियुक्त मुख्य आरक्षी सोबन सिंह से मुलाकात की। करीब देर रात 10 बजे तक तीनों ने टैक्सी स्टैंड पर बैठकर शराब पी। जिसके बाद सोबन सिंह वहां से चले गए। हालांकि राजीव के कहने पर वो फिर से वापस आए। दोनों राजीव और सोबन ने एक होटल में खाना खाया और शराब पी। रात 11 बजे पत्रकार होटल से बाहर आए। सीसीटीवी फुटेज में ये साफ देखा जा रहा है कि वो नशे की हालत में है। क्योंकि वो लड़खड़ा रहे थे। कुछ ही देर बाद सोबन सिंह भी बाहर आ जाते है। जिसके बाद दोनों गाड़ी में बैठे। कुछ समय बाद सोबन बाहर आए। जिसके बाद ड्राइविंग सीट पर राजीव बैठ गए। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि गाड़ी के अंदर राजीव के साथ कोई और मौजूद नहीं था। पुलिस ने बताया कि रात 11:24 बजे राजीव से सोबन सिंह ने बात की। राजीव की गाड़ी बद्री तिराहा, तेखला पुल और आखिर में रात 11:38 पर गंगोरी पुल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। गाड़ी गंगोरी की तरफ जाते हुए दिखी। इधर भी राजीव के साथ कोई और शख्स मौजूद नहीं था। गंगोरी पुल के बाद ATM और पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में राजीव की कार को नहीं देखा गया। तो वहीं पुलिस को सोबन सिंह ने बताया कि उन्होंने राजीव को समझाने की काफी कोशिश की। लेकिन राजीव ने उनकी बात नहीं मानी। सोबन ने राजीव को समझाया कि वो नशे की हालत में गाड़ी आगे लेकर ना जाएं। राजीव भी ये कहकर चले गए कि वो थोड़ी दूर ही जा रहे है फिर वापस आ जाएंगे। सोबन को लगा कि वो शायद अपनी बहन के घर कोट बंगला गए होंगे। वो उनके पीछे पैदल भी गए लेकिन राजीव उन्हें नहीं मिले। सोबन सिंह ने सोचा कि वो गाड़ी सुबह ले लेंगे। जिसके बाद वो अपने कमरे में वापस चले गए। पुलिस की माने तो राजीव की गाड़ी रात 11:40 के आसपास गंगोरी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पोर्टमार्टम में भी ये साफ हो गया है। राजीव का नशे में होना, गाड़ी गलत दिखा में चलाना और साथ ही गाड़ी चलाने का बहुत कम अभ्यास होना इस बात का सबूत है कि ये एक सड़क दुर्घटना थी। बताते चलें कि इस पूरे मामले की जांच फिलहाल एसआई दिलमोहन बिष्ट कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *