February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पेपर लीक मामले में सीबीआई ने दर्ज किया मुकदमा : खालिद, सुमन, साबिया और हीना को आरोपी बनाया

देहरादून(उद संवाददाता)।उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा के बहुचर्चित पेपर लीक मामले में सीबीआई ने देर रात मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में खालिद, सुमन, साबिया और हीना को आरोपी बनाया गया है। जांच देहरादून एसीबी शाखा में नकल विरोधी कानून के तहत दर्ज की गई और इसे असिस्टेंट सुप्रिटेंडेंट राजीव चंदोला को सौंपी गई है। गत 21 सितंबर को आयोजित इस परीक्षा के दौरान हरिद्वार के एक सेंटर से पेपर लीक की खबर सामने आई थी। मामले में युवाओं ने भी परीक्षा की शुचिता पर सवाल उठाते हुए परेड ग्राउंड के पास धरना शुरू कर दिया था। कई दौर की वार्ता के बावजूद लंबी बातचीत के बाद भी समाधान नहीं निकला। इस बीच पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी, और दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया। इसके अतिरिक्त एकल जांच आयोग भी गठित किया गया था। बावजूद इसके युवा लगातार सीबीआई जांच कराने और परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े रहे। 29 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धरनास्थल पर युवाओं से मिले और वहां से सीबीआई जांच की संस्तुति की। इसके अगले दिन शासन ने आधिकारिक पत्र जारी कर इसे औपचारिक रूप दिया। पुलिस मुख्यालय लगातार केंद्रीय विभागों के साथ समन्वय बनाए हुए था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने परीक्षा रद्द करने की घोषणा की और अब सीबीआई जांच के लिए डीओपीटी ने भी मंजूरी दी है। देर रात मामले में सीबीआई ने मामले में खालिद सुमन, साबिया और हीना को आरोपी बनाते हुए मुकदमा दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *