ओवरलोड और बिना टैक्स वाले वाहनों के खिलाफ चला अभियान
सितारगंज (उद संवाददाता)। परिवहन विभाग ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए नियम तोड़ने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। बृहस्पतिवार को चलाए गए इस अभियान के तहत विभाग ने दर्जनों ओवरलोड और ओवर हाइट वाहनों को पकड़कर उनके खिलाफ सीज और चालान की कार्रवाई की। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप मच गया।परिवहन विभाग के कर अधिकारी तारकेंद्र वार्ष्णेय ने टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने ओवरलोडिंग और ओवर हाइट पाए गए ट्रकों व कैंटरों समेत चार बड़े वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया। इसके अलावा सड़क पर बिना टैक्स चुकाए (टैक्स पैड) दौड़ रहे वाहनों, बिना हेलमेट दुपहिया चालकों और नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शाओं के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई। विभाग की इस सख्ती को देखकर कई वाहन चालक डर के मारे अपने वाहन सड़कों के किनारे खड़े कर वहां से हट गए, जिससे कुछ समय के लिए सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।परिवहन अधिकारी ने बताया कि बढ़ते कोहरे को देखते हुए रोड सेफ्टी अभियान को और अधिक व्यापक बनाया जा रहा है। सुरक्षित यातायात के लिए साइन बोर्ड और क्रॉसिंग पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा भी लिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मानकों से समझौता करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। बृहस्पतिवार की कार्रवाई में कुल दर्जन भर चालान किए गए और कई वाहनों को कब्जे में लेकर सीज किया गया।
