Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मानव तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए उजाला अकादमी में हुआ मंथन

भवाली (उद संवाददाता)। मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध से निपटने और इससे जुड़े मामलों में प्रभावी न्यायिक कार्रवाई को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उत्तराखंड ज्यूडिशियल एंड लीगल एकेडमी उजाला भवाली में शनिवार को दो दिवसीय ज्यूडिशियल कोलोक्वियम ऑन ह्यूमन ट्रैफिकिंग का शुभारंभ हुआ। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उच्च न्यायालय उत्तराखण्ड के मुख्य न्यायमूर्ति एवं न्यायमूर्तिगणों सहित पुलिस, प्रशासन और विभिन्न जिलों के न्यायिक अधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं।कार्यक्रम का दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ करते हुए मुख्य न्यायाधीश उत्तराखंड उच्च न्यायालय मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि इस कोलोक्वियम का मुख्य उद्देश्य मानव तस्करी से जुड़े मामलों में बेहतर समन्वय, संवेदनशीलता और प्रभावी कानूनी कार्रवाई को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के पुनर्वास, जांच प्रक्रिया और न्यायिक कार्रवाई से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही प्रतिभागियों को कानून, जांच और पीड़ित सहायता से संबंधित व्यावहारिक जानकारी भी दी जाएगी। मुख्य न्यायाधीश ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि न्यायिक प्रणाली, पुलिस और सामाजिक संगठनों के बीच समन्वय को मजबूत करना अनिवार्य है ताकि इस जघन्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।इस अवसर पर उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, उजाला के प्रभारी न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवींद्र मैथानी, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय एवं न्यायमूर्ति सिद्वार्थ साह उपस्थित रहे। साथ ही अकादमी के निदेशक प्रदीप पन्त, उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, राज्य के विभिन्न जिलों के जिला जज, उजाला के अपर निदेशक शादाब बानो, अपर निदेशक तरुण, संयुक्त निदेशक मोहम्मद यूसुफ तथा सहायक निदेशक कार्तिकेय जोशी सहित पुलिस, विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं और सीडब्लूसी के प्रतिनिधियों सहित 150 से अधिक अधिकारियों ने कार्यक्रम में भागीदारी की। यह कार्यक्रम रविवार 15 मार्च को संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *