Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

टांडा जंगल में हाथी से टकराई बाइक,दो भाइयों की मौत

हादसे के बाद कोहराम, फेरी लगाकर जीविकोपार्जन करते थे मृतक
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। हल्द्वानी-रुद्रपुर हाईवे पर टांडा जंगल के हाथी कॉरिडोर में शनिवार की देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। हाथी से दोपहिया वाहन की टक्कर होने के बाद अनियंत्रित होकर गिरे रिश्ते के दो भाइयों की मौत हो गई। एक भाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे भाई ने बरेली ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। रविवार को पुलिस ने सुशीला तिवारी अस्पताल की मोर्चरी में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से कटरा शाहजहांपुर के निवासी और वर्तमान में बनभूलपुरा की गफूर बस्ती में रह रहे 26 वर्षीय शकील और 28 वर्षीय जाफर शनिवार की शाम दोपहिया वाहन से हल्द्वानी से रुद्रपुर की ओर जा रहे थे। बेलबाबा से कुछ आगे टांडा रोड स्थित हाथी कॉरिडोर में अचानक उनके वाहन के आगे हाथी आ गया, जिससे मोपेट अनियंत्रित होकर दुर्घटना ग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक शकील के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पीछे बैठे जाफर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत डॉ- सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शकील को मृत घोषित कर दिया। जाफर की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर बरेली रेफर किया गया, लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। स्वजन बरेली से शव वापस सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर आए। मोर्चरी पहुंचे परिचितों ने बताया कि दोनों रिश्ते में भाई थे और हल्द्वानी में रहकर आर्टिफिशियल ज्वेलरी व कपड़ों की फेरी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं,जिसे शाहजहांपुर ले जाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *