Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नवरात्र को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी छापेमारी,कुट्टू के आटे और सेंधा नमक के लिए नमूने

रुद्रपुर। सचिव स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड सचिन कुर्वे और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को आगामी नवरात्र पर्व के दृष्टिगत आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ सुनिश्चित करने के लिए सघन अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा ललित मोहन पाण्डे के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने रुद्रपुर क्षेत्र स्थित मॉल और विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने संदेह के आधार पर सेंधा नमक का एक, रागी आटे के दो और साबुदाना का एक नमूना लिया।ललित मोहन पाण्डे ने बताया कि कुल 04 नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर यदि नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध कठोर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को कड़े निर्देश दिए गए कि कुट्टू का आटा बिना वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण के न तो बनाया जाए और न ही बेचा जाए। उन्होंने कुट्टू के खुले आटे की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने और केवल सीलबंद पैकेट बेचने के निर्देश दिए, जिस पर निर्माण, पैकिंग, एक्सपायरी तिथि और लाइसेंस नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना अनिवार्य है।विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य कारोबारियों को कुट्टू के बीज या आटे के क्रय विक्रय का पूरा लिखित विवरण रखना होगा। इसके अलावा बाहरी प्रदेशों से केवल पंजीकृत लाइसेंसधारियों से ही सामग्री खरीदने और दैनिक रिकॉर्ड बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। सहायक आयुक्त ने आम जनता से भी अपील की है कि वे सामान खरीदते समय तिथि और लाइसेंस अवश्य जांच लें। किसी भी प्रकार की निम्न गुणवत्ता या अस्वच्छ सामग्री की शिकायत टोल Úी नंबर 18001804246 पर की जा सकती है। इस अभियान टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा साह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या और पंकज कुमार शामिल रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *