ऋण नहीं चुकाने पर बैंक ने फैक्ट्री पर लिया कब्जा
किच्छा(उद संवाददाता)। नैनीताल बैंक लिमिटेड को ग्राम कुरैया स्थित आसिफा इंडस्ट्रीज बर्फ फैक्ट्री का कब्जा मंगलवार को सरफेसी एक्ट-2025 के तहत दिलाया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर प्रशासन और पुलिस की उपस्थिति में की गई। जानकारी के अनुसार, बैंक द्वारा लंबे समय से लंबित ऋण की वसूली को लेकर जारी नोटिस और कानूनी प्रक्रिया के क्रम में यह कदम उठाया गया। करीब एक एकड़ क्षेत्र में फैली फैक्ट्री का संचालन हाजी इस्लाम कुरैशी पुत्र रफीक, निवासी कुरैशी मोहल्ला, किच्छा द्वारा किया जा रहा था। ऋण की अदायगी न होने पर बैंक ने सरफेसी अधिनियम के अंतर्गत संपत्ति को अपने अधिग्रहण में लेने की प्रक्रिया शुरू की थी। मंगलवार को प्रशासनिक टीम, बैंक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में फैक्ट्री को खाली कराकर उसे नैनीताल बैंक के प्रतिनिधियों को सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए मुस्तैदी से डटे रहे। पूरी कार्यवाही शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। बैंक के अधिकारियों ने प्रशासन का सहयोग के लिए आभार जताया और बताया कि आगे भी नियमों के तहत रिकवरी की प्रक्रिया जारी रहेगी।
