February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सीजेआई पर जूता उछालने की कोशिश : सुप्रीम कोर्ट में वकील ने लगाए- सनातन धर्म का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान के नारे !

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना हुई। सुनवाई के दौरान एक वकील ने भारत के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई पर हमले की कोशिश की। 71 साल के एक वकील ने कथित तौर पर जूता उछालने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया, जिनकी पहचान वकील राकेश किशोर के रूप में हुई। यह घटना सुबह करीब 11:35 पर हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शख्स ने कोर्ट के अंदर नारेबाजी भी की। बाद में कोर्ट में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे बाहर निकाला। इससे कुछ देर के लिए कोर्ट की कार्यवाही बाधित रही। लाइव लॉ वेबसाइट के मुताबिक, अदालत में मौजूद लोगों ने बताया कि पकड़े गए शख्स ने नारे लगाए- सनातन धर्म का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान। कानूनी मामलों से जुड़ी वेबसाइट बार एंड बेंच ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि जब सीजेआई की अध्यक्षता वाली बेंच वकीलों से केस के बारे में सुन रही थी, तभी एक वकील दौड़ता हुआ आगे आया और अपना चीफ जस्टिस पर हमले के लिए पैर से जूता निकालने की कोशिश करने लगा। हालांकि लगभग तुरंत ही सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और कोर्ट से बाहर कर दिया। मुख्य न्यायाधीश ने इस घटना के बाद कहा कि उन्हें इन घटनाओं से फर्क नहीं पड़ता। इसके बाद उन्होंने कार्यवाही जारी रखने की बात कही। बताया गया है कि सर्वोच्च न्यायालय ने इस मामले में जांच बिठा दी है। वकील की तरफ से इस घटना को अंजाम दिए जाने पर भी पूछताछ जारी है।
सीजेआई बीआर गवई का सोशल मीडिया पर हुआ था विरोध 
गौरतलब है कि खजुराहो के जवारी मंदिर में भगवान विष्णु की मूर्ति स्थापित करने वाली याचिका खारिज करने और सुनवाई के दौरान दिए गए बयानों को लेकर सीजेआई बीआर गवई का सोशल मीडिया पर काफी विरोध हुआ था। तब मुख्य न्यायाधीश ने इन टिप्पणियों का संज्ञान लेते हुए कहा था- ‘किसी ने मुझे बताया कि मैंने जो टिप्पणियां की थीं, उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। मैं सभी धर्मों का सम्मान करता हूं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *