बाइक सवार किशोर के गर्दन में घुसा डिवाइडर के एंगल, दर्दनाक मौत
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन सड़क और कार्यदायी संस्था की घोर लापरवाही एक बार फिर काल बन गई। बुधवार की देर रात सब्जी मंडी गेट के सामने एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार किशोर की गर्दन में डिवाइडर का लोहे का एंगल घुस गया, जिससे उसकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र के लोगों में एनएच के ठेकेदार व प्रशासन के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवनगर ट्रांजिट कैंप वार्ड नंबर 7 निवासी सचिन राठौर (16 वर्ष) पुत्र रामानंद राठौर राठौर बुधवार रात करीब 11ः30 बजे अपने एक साथी के साथ मोटर साइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक नैनीताल हाईवे पर सब्जी मंडी गेट के सामने पहुंची, वहां पहले से क्षति ग्रस्त पड़े डिवाइडर से बाइक टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डिवाइडर से लोहे के नुकीले एंगल बाहर की ओर निकले हुए थे। बाइक टकराते ही एक लोहे का एंगल सीधे सचिन की गर्दन में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने आनन-फानन में लहू लुहान सचिन को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन घाव इतना गहरा था कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक पर सवार दूसरा युवक भी घायल हुआ है, जिसे चेहरे पर चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही सचिन का बड़ा भाई नितिन राठौर, माता-पिता और छोटी बहन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। जवान बेटे का शव देख परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल था। सूचना पर समाज सेवी संजय ठुकराल और गगन ग्रोवर भी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक जीवन सिंह अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को एंबुलेंस के माध्यम से मोर्चरी भिजवाया। बाद में समाजसेवी संजय ठुकराल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां चारों ओर खून बिखरा हुआ था। उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 5-6 महीनों से हाईवे की सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है। ठेकेदार द्वारा सड़क का निर्माण न किए जाने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते क्षतिग्रस्त डिवाइडर की मरम्मत की गई होती, तो आज एक मासूम की जान नहीं जाती। सुबह पोस्टमार्टम हाउस पर लोगों का तांता लगा रहा। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, समाजसेवी सुशील गावा सहित तमाम लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाया।
फैक्ट्री में काम करते समय गिरने से श्रमिक की मौत
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। सिडकुल स्थित एक फॅैक्ट्री में बुधवार को कार्य के दौरान एक श्रमिक ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसने उपचार के दौरान निजी चिकित्सालय में दम तोड़ दिया । मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार ग्राम बरा खास थाना मिलक रामपुर निवासी 17 वर्षीय फैजान पुत्र इसरार यहां सिडकुल की एक फैक्ट्री में ठेकेदार के अधीन काम करता था। बताया जाता है कि बुधवार को वह काम करने के दौरान अचानक ऊंचाई से नीचे आ गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए तत्काल निजी चिकित्सालय ले जाया गया। जहां फैजान ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। बताया जाता है कि मृतक फैजान की तीन बहनें व एक छोटा भाई है। जबकि पिता इसरार पूर्व में हुए सड़क हादसे में दोनों टांगों से लाचार हैं।

