Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अमित शाह ने दिया बूथ जीता-चुनाव जीता का फार्मूला : भाजपा की प्रातीय टोली की बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों और एसआईआर पर हुई चर्चा

देहरादून। उत्तराखंड में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत की हैट-ट्रिक लगाने के उद्देश्य से मैदान में डट चुकी भाजपा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बूथ जीता-चुनाव जीता का मूलमंत्र दिया। पार्टी की प्रांतीय टोली की बैठक में उन्होंने बूथ केंद्रित कार्यक्रमों की श्रृंखला बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सांसदों, विधायकों को बूथ स्तर पर जनसमस्याएं सुनने के दृष्टिगत निरंतर संवाद करने को भी कहा। उत्तराखंड के दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने शनिवार को हरिद्वार के होटल गाडविन में हुई भाजपा की प्रातीय टोली की बैठक में राज्य के राजनीतिक परिदृश्य और आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत पार्टी की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्टð के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने बैठक में मुख्य रूप से कार्यकर्ताओं की संतुष्टि और संगठन के विस्तार पर जोर दिया। ताकि, कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनसमस्याओं का निवारण कराया जा सके। इसी तरह संगठन विस्तार के क्रम में बूथ एवं मंडल स्तर पर प्रकोष्ठों एवं विभागों की इकाइयों का शीघ्र गठन करने को कहा, जिससे पार्टी की सक्रियता को पहले से अधिक प्रभावी बनाया जा सके। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने बूथ इकाइयों की मजबूती पर विशेष जोर दिया। साथ ही कहा कि प्रत्येक बूथ के मतदाताओं से निरंतर संवाद हो और उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों और ऐतिहासिक निर्णयों से अवगत कराया जाए, इसके लिए कार्यक्रमों की विस्तृत श्रृंखला तैयार की जानी चाहिए। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि सभी सांसद और विधायक बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं व जनता के बीच जाएं। जनसामान्य के मुद्दों और व्यक्तिगत समस्याओं को सुनकर इनके निवारण का प्रयास करें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार बैठक में राज्य में जल्द प्रारंभ होने वाली एसआइआर की प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा हुई। तय किया गया कि मतदाता सूचियों के शुद्धीकरण की इस प्रकिया में भाजपा पूरा सहयोग देगी। एसआइआर के दृष्टिगत बीएलए-दो बनाने के काम को शत प्रतिशत पूरा कर वोट संरचना के अनुसार चुनावी दृष्टि से पार्टी अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी और उनकी कैबिनेट के सहयोगी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत व विजय बहुगुणा, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, सांसद अजय भट्ट व माला राज्यलक्ष्मी, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत व तरुण बंसल के साथ ही भाजपा के सभी सात मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *