February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अलग-अलग सड़क हादसों में तीन घरों के बुझे चिराग : हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ओवलोड डंपर को आग के हवाले किया

काशीपुर(उद संवाददाता)। महज 12 घंटों के भीतर अलग-अलग स्थानों पर घटित सड़क हादसों में वृद्ध समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों ही मामलों में आरोपी डंपर चालक मौके से फरार बताए जा रहे हैं। आज सुबह लगभग 8ः00 कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम शिवनगर में 62 वर्षीय वृद्ध जयपाल सिंह पुत्र चरन सिंह को गांव के करीब आरबीएम(खनन) से ओवर लोड डंपर संख्या यूपी 21सीटी/ 6334 के चालक नाम पता अज्ञात ने तेजी व लापरवाही से कुचलकर उसे मौत के घाट उतार दिया। ग्रामीणों को जैसे ही इसकी सूचना मिली उनमें भारी आक्रोश फैल गया। सैकड़ो की तादाद में एकत्रित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर जाम लगाकर एक डंपर को आग के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय चौकी पुलिस के संरक्षण में खनन से ओवरलोड डंपर सड़कों पर मौत की मानिंद फर्राटा भर रहे हैं जिससे गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके द्वारा कई बार प्रशासन को इस बारे में ताकीद किया गया लेकिन एंट्री के नाम पर मोटी रकम मिलने के कारण पुलिस दौड़ते डंपरों पर नकेल कसने में नाकाम साबित है। इसी का ताजा नतीजा है कि एक और व्यक्ति मौत की भेंट चढ़ गया। फिलहाल दर्दनाक हादसे की सूचना पुलिस व प्रशासन को मिलने पर मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम के अलावा ट्रैफिक व पुलिस के तमाम अफसर घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। दमकल की टीम के अथक प्रयासों से काफी देर के बाद आग की लपटों पर काबू पाया जा सका लेकिन इतनी देर में डंपर जलकर स्वाहा हो चुका था। मृतक के चार पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। एक पुत्र अविवाहित है बाकी सब की शादी हो चुकी है। इसी तरह कुंडेश्वरी क्षेत्र में देर रात लगभग 10ः30 बजे खेती किसानी से जुड़े एक बाइक सवार युवक को डंपर के चालक ने बुरी तरह रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक ब्रह्म नगर ढकिया कुंडेश्वरी निवासी अनिल कुमार 27 वर्ष पुत्र करन पाल सिंह तीन भाई व एक बहन में तीसरे नंबर का है। बताया गया कि बीती रात्रि लगभग 10ः30 बजे वह गन्ना मील से ट्रैक्टर ट्राली अनलोड कर बाइक से वापस घर लौट रहा था बाइक इसी दौरान ब्रह्म नगर पुलिया के समीप खनन से ओवरलोड डंपर के चालक ने तेजी व लापरवाही से बाइक चालक को चपेट में लेकर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक अविवाहित है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के हवाले कर दिया गया।वहीं आईटीआई थाना क्षेत्र में बाजपुर रोड स्थित गलवालिया इस्पात के समीप रात्रि लगभग 9ः15 बजे दुकान पर काम करने वाले एक अधेड़ उम्र व्यक्ति को अनियंत्रित डंपर के चालक ने टक्कर मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के मुताबिक मूल रूप से शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश तथा हाल कुंडेश्वरा काशीपुर निवासी कृष्णकांत कपिल 45 वर्ष पुत्र तुलसीराम सक्सेना पिछले कुछ समय से परिवार के साथ कुंडेश्वरा क्षेत्र में किराए का मकान लेकर भोजपुर उत्तर प्रदेश में एक दुकान पर काम किया करते थे। छुट्टðी में कभी-कभी उनका घर आना होता था। पता चला है कि बीती रात्रि लगभग 9ः15 बजे वह दुकान से घर लौट रहे थे। बाजपुर रोड पर गलवालिया इस्पात के समीप एक फास्ट फूड के ठेले पर वह बच्चों के लिए कुछ खाने का सामान खरीद रहे थे इसी दौरान अनियंत्रित डंपर के अज्ञात चालक ने अधेड़ उम्र व्यक्ति को तेजी व लापरवाही से टक्कर मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक के तीन पुत्रियां हैं। घटना के बाद से पत्नी तथा बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। अंत्य परीक्षण के उपरांत मृतक किशोर को पुलिस द्वारा परिजनों की सुपुर्द कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *