गैस बुकिंग होने के उपरांत निर्धारित समय पर होम डिलीवरी किया जाये
रूद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में गैस एजेन्सी प्रबन्धकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होने सख्त निर्देश दिये कि किसी भी गैस एजेन्सी द्वारा गैस डिलीवरी में लापरवाही या गलत तरीके से गैस डिलिवरी करायी गयी तो सम्बन्धित के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होने कहा कि यदि किसी भी गैस एजेन्सी के ऑपरेटर द्वारा किसी भी गैस उपभोक्ता के मोबाईल पर बिना गैस सिलेंडर डिलीवर हुए गलत तरीके से गैस डिलिवरी का मैसेज भेजा गया तो सम्बन्धित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया जायेगा। उन्होने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिये कि पूर्ति निरीक्षको के माध्यम से गैस गोदामो स्टाक की नियमित जांच कराना सुनिश्चित करें। उन्होने गैस एजेन्सी प्रबंधको को निर्देश दिये कि गैस बुकिंग होने के उपरांत निर्धारित समय पर होम डिलीवरी किया जाये। उन्होने कहा कि गैस गोदाम/एजेन्सी से किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेण्डर न दिया जाये। उन्होने कहा कि पुरी पारदर्शिता के साथ गैस उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी किया जाये। उन्होने लोगों से कहा है कि किसी भी प्रकार के अफवाहो पर ध्यान न दे। गलत अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होने कहा कि कोई भी घरेलू अथव व्यावसायिक गैस की कालाबाजारी में संलिप्त व्यक्तियों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्यवाही की जायेगी।
