खेत में घास लेने गई महिला पर गुलदार ने किया हमला ,हालत गंभीर
पौड़ी(उद संवाददाता)। पहाड़ के गांव लगातार वन्यजीव हमलों से त्रस्त होते जा रहे हैं। ताजा मामला पौड़ी ब्लॉक के डोभाल ढांडरी गांव का है, जहां खेत में घास लेने गई 62 वर्षीय महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और पूरे क्षेत्र में गहरा आक्रोश फैल गया है। जानकारी के अनुसार भगवानी देवी (62), पत्नी पूरण सिंह नेगी, खेत में घास लेने गई थीं। तभी अचानक गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। उनके साथ गई अन्य महिलाओं ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया, जिससे गुलदार मौके से भाग गया, लेकिन तब तक महिला को गंभीर चोटें पहुँच चुकी थीं। ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुँचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि पहाड़ में बचे लोग अब केवल सरकार के लिए वोटर बनकर रह गए हैं और वन विभाग उन्हें गुलदारों के लिए शिकार मानता है। ग्रामीणों का आरोप है कि जब भी ऐसी घटनाएं होती हैं, बड़े अधिकारी मौके पर नहीं आते, बल्कि केवल रेंज अधिकारी या छोटे कर्मचारी भेजे जाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 24 घंटों में गुलदार ने दो हमले किए हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है। कई ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को मारने की अनुमति देने की मांग भी की है। उधर, डीएफओ अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि वन विभाग स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कैमरा ट्रैप और पिंजरे लगाए गए हैं और गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की भावनाओं को देखते हुए उच्च अधिकारियों से अनुमति मांगी गई है और निर्देश मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
