रूद्रपुर में फर्जी एनसीईआरटी किताबों से भरा गोदाम पकड़ा : कई राज्यों में की जा रही थी सप्लाई
करीब 20 करोड़ का माल बरामद,गोदाम सील
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कीरतपुर में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी एनसीईआरटी किताबों के एक विशाल गोदाम का भंडाफोड़ किया है। शनिवार देर रात हुई इस छापेमारी में शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब 20 करोड़ रुपये मूल्य की फर्जी किताबें बरामद की गई हैं। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से गोदाम को सील कर दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को एक गोपनीय सूचना मिली थी कि कीरतपुर स्थित एक गोदाम में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से छपी एनसीईआरटी की किताबों का भंडारण और परिवहन किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, तहसील प्रशासन और शिक्षा विभाग की टीम ने शनिवार रात अचानक गोदाम पर धावा बोल दिया। मौके का नजारा देख अधिकारियों के भी होश उड़ गए, वहां चारों तरफ किताबों का अंबार लगा हुआ था। छापेमारी के दौरान मौके पर किताबों से लदा हुआ एक ट्रक भी पकड़ा गया है। पड़ताल में पता चला कि इस ट्रक के जरिए भारी मात्र में फर्जी किताबें मेरठ भेजी जा रही थीं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि इस सिंडिकेट के तार देश के कई हिस्सों से जुड़े हैं। यहां से छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, और हैदराबाद समेत कई अन्य राज्यों में फर्जी किताबों की सप्लाई की जा रही थी। जांच में पता चला है कि यह गोदाम गल्ला मण्डी निवासी राजेश कुमार जैन का है। उन्होंने इसे किराए पर दे रखा था। पुलिस ने गोदाम स्वामी को तत्काल मौके पर बुलाकर पूछताछ की है ताकि उन लोगों तक पहुंचा जा सके जो इस अवैध कारोबार के असली मास्टरमाइंड हैं। खबर लिखे जाने तक पुलिस और शिक्षा विभाग की टीमें मौके पर मौजूद थीं और एक-एक किताब का मिलान कर सूची तैयार की जा रही थी। इस बड़ी कार्रवाई में तहसीलदार, कोतवाल मनोज रतूड़ी, मुख्य शिक्षा अधिकारी , खंड शिक्षा अधिकारी, एसएसआई अनिल जोशी, एसआई प्रियांशु जोशी, एसआई चंदन बिष्ट, एसआई अमित कुमार समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों का कहना है कि यह एक बड़ा नेटवर्क हो सकता है और जल्द ही इसमें शामिल अन्य चेहरों से नकाब हटाया जाएगा।
